डॉ देवेंद्र भसीन ने कहा राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को नहीं ज्ञान, बयान में खुद कृषि कानूनों को बताया बिल
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए अपने बयान में राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को कृषि कानूनों का ज्ञान न होने का तो आरोप लगाया मगर खुद भी कृषि कानूनों को बिल बताया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इन दलों द्वारा किसानों को भड़काने के पीछे गहरा षड्यंत्र है। ये दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक के बाद एक उठाए जा रहे ऐतिहासिक सुधारों को बाधित करना चाहते हैं। दिलचस्प ये है कि डॉ भसीन ने अपने बयान में राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को कृषि कानूनों का ज्ञान न होने का तो आरोप लगाया, मगर खुद भी कृषि कानूनों को बिल बताया है।
डॉ. भसीन ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस समेत विरोधी दल किसानों को भड़काकर किसानों की आड़ में जिस तरह अपनी राजनीति चला रहे हैं वह केवल कृषि बिलों का मामला नहीं, बल्कि एक गहरे षड्यंत्र का हिस्सा है। बयान में उन्होंने कहा-'कांग्रेस का रुख विचित्र है। राहुल गांधी के साथ ही कांग्रेस के अधिकांश नेताओं को यही पता नहीं कि ये कृषि बिल क्या हैं और इनमें क्या-क्या प्रावधान किए गए हैं।' ये सब केवल विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सरकार आने पर इन बिलों को लागू करने की बात कही थी, मगर अब यही काम भाजपा ने किया तो कांग्रेस विरोध कर रही है।
डॉ.भसीन ने कहा कि महाराष्ट्र में ये कानून 15 वर्ष से लागू हैं, लेकिन कांग्रेस वहां इन कानूनों को हटाने की बात नहीं कर रही और न एनसीपी ही। वजह ये कि महाराष्ट्र में किसानों को इन कानूनों का लाभ मिल रहा है। यदि ये कानून गलत हैं तो कांग्रेस और एनसीपी को महाराष्ट्र में इन कानूनों को समाप्त कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में फड़नवीस सरकार एमएसपी को कानूनी तौर पर बाध्यकारी बनाने का कानून भी ला रही थी, मगर तब कांग्रेस और विरोधी दलों ने इसे विधान परिषद में पारित नहीं होने दिया।
यह भी पढ़ें: जवानों के परिवार से संवाद कर उनका हाल जानेगी कांग्रेस