दूरदर्शन देहरादून का होगा 24 घंटे प्रसारण
राज्य ब्यूरो, देहरादून: अब दूरदर्शन देहरादून केंद्र से 24 घंटे प्रसारण करने की तैयारी है। इस
राज्य ब्यूरो, देहरादून: अब दूरदर्शन देहरादून केंद्र से 24 घंटे प्रसारण करने की तैयारी है। इसके लिए इस केंद्र को सेटेलाइट से जोड़ा जाएगा। इस केंद्र में अधिक से अधिक स्थानीय कार्यक्रमों को दिखाया जाएगा। प्रदेश में सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग, पर्यटन, कृषि, बागवानी के कार्यो को प्रमुखता दी जाएगी। विषय विशेषज्ञ, मंत्रीगणों व विधायकों को भी दूरदर्शन के पैनल में रखा जाएगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे ने मुलाकात के दौरान यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देहरादून केंद्र से राज्य की लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्रमुखता दी जाएगी। दूरदर्शन के साथ ही आकाशवाणी एवं प्रेस सूचना ब्यूरो को भी आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दूरदर्शन एवं आकाशवाणी की अपनी विश्वसनीयता है। उन्होंने केंद्रीय सचिव से देहरादून केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रदेश के कृषि विज्ञान केंद्रों, विश्वविद्यालयों व सामाजिक दायित्वों के बेहतर निर्वहन करने वाले स्वयं सहायता समूह आदि को कम्युनिटी रेडियो से जोड़ने को कहा। इस दौरान पीआइबी के एडीजी नरेंद्र कौशल, दूरदर्शन देहरादून के समाचार संपादक राघव पांडे तथा निदेशक शिव कुमार गोयल उपस्थित थे।