विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मिशन हौसला के तहत दून पुलिस की नई पहल, कोरोना संक्रमितों को ऑटो एंबुलेंस से पहुंचाएगी अस्पताल

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Thu, 13 May 2021 07:20 AM (IST)

कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच दून पुलिस लगातार मददगार बन रही है। कोरोना संक्रमितों की मदद को पुलिस ...और पढ़ें

कोरोना संक्रमितों को ऑटो एंबुलेंस से पहुंचाएगी अस्पताल।
कोरोना संक्रमितों को ऑटो एंबुलेंस से पहुंचाएगी अस्पताल।

जागरण संवाददाता, देहरादून। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच दून पुलिस लगातार मददगार बन रही है। कोरोना संक्रमितों की मदद को पुलिस ने अब ऑटो एंबुलेंस शुरू की हैं। जो तमाम उपकरणों से लैस हैं और तत्काल मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए उपलब्ध रहेंगीं। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने ऑटो एंबुलेंस को रवाना कर योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुलिस फ्रंटलाइन वारियर्स के रूप में लगातार संक्रमण से बचाने और उन तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। 

विपदा की इस घड़ी में कई लोग मेडिकल सहायता के लिए पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। कोरोना संक्रमितों के स्वजन दवाइयों, ऑक्सीजन सिलिंडर और अस्पताल में बेड की व्यवस्था का अनुरोध कर रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण कई बार तत्काल एंबुलेंस या ऑक्सिजन सिलिंडर की व्यवस्था न होने और इसमें कुछ देर होने की दशा में पीड़ित व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होने की अशंका बनी रहती है, जिसके चलते दून पुलिस ने कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की सहायता के लिए नई पहल करते हुए ऑटो एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है, जिसके तहत कंट्रोल रूम से प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर किसी भी आकस्मिक स्थिति में गंभीर रूप से संक्रमित किसी व्यक्ति के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध न होने की दशा में उसे अस्पताल तक पहुंचाने के लिए उक्त ऑटो एंबुलेंस का प्रयोग किया जाएगा। 

मसूरी डायवर्जन पर हरी झंडी दिखाकर जनसेवार्थ ऑटो एंबुलेंस को रवाना किया गया। शुरुआत में उक्त ऑटो एंबुलेंस सेवा को थाना राजपुर क्षेत्र में शुरू किया जा रहा है, जिसमें पुलिस द्वारा दो ऑटो वाहनों में ऑक्सीजन सिलेंडर व अन्य उपकरण लगाए गए हैं, जो 24 घंटे पीड़ित व्यक्तियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी।

इनमें ऑटो चालक को विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रशिक्षण दिया है, जिससे वह किसी भी आकस्मिक स्थिति में गंभीर रूप से पीड़ित मरीज को प्राथमिक तौर पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराते हुए अस्पताल तक ले जा सकते हैं। इसके सकारात्मक परिणाम आने पर जल्द ही इसे जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी शुरू किया जाएगा। इस दौरान एसपी सिटी सरिता डोबाल व अन्य पुलिस कार्मिक उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- ..तो क्या देहरादून में घटने लगी है कोरोना संक्रमण की दर, पढ़ि‍ए पूरी खबर

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें