दून मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में सुरक्षा होगी मजबूत, तैनात होंगे तीन पुलिसकर्मी
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में मारपीट रोकने और मरीजों की सुरक्षा के लिए तीन पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। ...और पढ़ें
-1791793712387_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी में मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तीन पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। अभी इमरजेंसी के पास स्थित पुलिस चौकी में एक ही पुलिसकर्मी की तैनाती है।
अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी से भी बातचीत की है। वहीं, मरीजों की भीड़ कम करने और उपचार संबंधी सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए इमरजेंसी में अतिरिक्त गेट, वेटिंग एरिया और सैंपल कलेक्शन की अलग व्यवस्था की जा रही है। जिसे इसी महीने शुरू किया जाएगा।
राजकीय दून मेडिकल कालेज की प्राचार्य डा. गीता जैन और चिकित्सा अधीक्षक डा आरएस बिष्ट ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इमरजेंसी में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ कम करने के लिए वेटिंग एरिया बनाया गया है।
इसके अलावा मुख्य द्वार के पास एक अतिरिक्त गेट तैयार किया गया है। यहां सैंपल कलेक्शन और दोबारा सैंपल देने की व्यवस्था की जाएगी। इससे प्रतिदिन करीब 200 से 250 मरीजों को रिपोर्ट लेने में भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कमीशनखोरी से संबंधित शिकायत पर जांच पूरी कर रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी गई है। बताया कि अस्पताल की आंतरिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए तीन उप चिकित्सा अधीक्षकों (डीएमएस) की व्यवस्था की गई है। इनकी जिम्मेदारी अस्पताल के विभिन्न कार्यों के संचालन और व्यवस्थाओं में सुधार पर रहेगी।
सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का होगा विस्तार
राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू हो गई हैं। प्राचार्य ने बताया कि जल्द ही डीएम कार्डियोलाजी और प्लास्टिक सर्जरी की सेवाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। इसके लिए इसी महीने के अंत तक की समयसीमा रखी गई है। वहीं, मेस, कैंटीन और नई लॉन्ड्री की व्यवस्था भी इसी महीने शुरू करने की तैयारी है।
