देहरादून में छात्रा पर चाकू से हमला, पुलिस ने आरोपित छात्र को किया गिरफ्तार
देहरादून के क्लेमेनटाउन में एक एमसीए छात्रा पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले छात्र उदय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
देहरादून में एमसीए छात्रा पर चाकू से हमला हुआ
आरोपी छात्र उदय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया
छात्रा के दूसरे युवक से संपर्क पर हुआ था विवाद
जागरण संवाददाता, देहरादून। क्लेमेनटाउन स्थित ओगलभट्टा क्षेत्र में एमसीए की छात्रा पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपित छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
चाकू लगने से घायल आरोपित भी दून अस्पताल में भर्ती था, शनिवार शाम को उसे अस्पताल से छुट्टी मिली।
पूछताछ में सामने आया कि छात्रा किसी दूसरे युवक के संपर्क में थी, जिसके चलते आरोपित आग-बबूला हो गया था। उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। उधर, छात्रा का अभी इलाज चल रहा है।
कृष्ण चंद्र वर्मा निवासी आदर्श विहार, रायपुर रोड ने शनिवार को तहरीर दी कि उनकी पुत्री महिमा क्लेमेनटाउन स्थित एक निजी विवि से एमसीए कर रही है। वहीं मेरठ के जागृति विहार निवासी उदय भी उसी के साथ पढ़ता है।
शनिवार को कहासुनी के बाद उदय ने उनकी पुत्री को जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिसमे पुत्री को गंभीर चोटें आईं।
उसके गले व हाथ पर चाकू लगे, जबकि संघर्ष में उदय का हाथ भी चाकू से कट गया। दोनों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में आरोपित के विरुद्ध क्लेमेनटाउन थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन मोहन सिंह को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शनिवार रात को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके ओगलभट्टा स्थित कमरे से घटना में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया है।
दूसरे युवक के संपर्क में आई तो दिया घटना को अंजाम
पूछताछ में आरोपित उदय सिंह उर्फ विशु ने बताया कि वह क्लेमेनटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है तथा कृष्णा विहार, ओगलभट्टा में अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कमरा किराये पर लेकर रह रहा है।
युवती से उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में शिक्षण संस्थान में हुई थी। जिसके बाद से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपित उदय उससे शादी करना चाहता था, लेकिन इस बीच उसे छात्रा के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी मिली।
इस बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच विवाद हो गया, जहां आवेश में आकर आरोपित ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।
