दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में सड़ा खाना, कॉकरोच-चूहों का डेरा, रेस्टोरेंट बंद, 14 दिन का सुधार नोटिस
देहरादून के दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई, जहां कॉकरोच, चूहे, सड़ी-गली ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित क्लबों में शुमार दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच-चूहों की मौजूदगी, फ्रीजर में सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और बदहाल सफाई व्यवस्था मिलने पर संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट तत्काल बंद करा दिया।

संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया। फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सड़ी-गली अवस्था में मिले।
करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे थे और चूहों ने मसालों की थैलियां कुतर रखी थीं। बर्तन धुलाई क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला।
-1791890059002.webp)
नालियां जाम थीं और ड्रेनेज व्यवस्था खराब थी। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराई गई।
खराब खाद्य सामग्री नष्ट, तीन नमूने जांच को
टीम ने पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। यहां वीवीआईपी समेत अनेक गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है, इसलिए भोजन की तैयारी और भंडारण में स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।

संचालक को 14 दिन के भीतर सफाई, पेस्ट कंट्रोल, जल निकासी, पेयजल जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़ी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। तय अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण होगा।
सुधार नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने समेत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव और रमेश सिंह तथा अभिहित अधिकारी मनीष सयाना शामिल रहे। मौके पर दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी उपस्थित थे।
