हर सप्ताह होगी स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा
जनता को असुविधा पहुंचाने वाले कार्य रात की पाली में किए जाएंगे। जबकि सामान्य कार्य दिन में जारी रहेंगे।
जागरण संवाददाता, देहरादून : स्मार्ट सिटी के निर्माणाधीन कार्यो की अब हर हफ्ते समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा सभी कार्य तय समय पर पूरे करने के प्रयास तेज किए जाएंगे। देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही कार्यो के दौरान जनता की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को दो पाली में कार्य करने को कहा। जनता को असुविधा पहुंचाने वाले कार्य रात की पाली में किए जाएंगे। जबकि, सामान्य कार्य दिन में जारी रहेंगे।
शुक्रवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही निर्माण कार्यो के दौरान अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्यो के दौरान क्षेत्र में सूचना पट्ट भी लगाए जाएं। उन्होंने परेड ग्राउंड के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि यहां तेजी से कार्य किए जाएं। ताकि गणतंत्र दिवस तक कार्य पूरा किया जा सके। कार्य के दौरान बिजली-पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने पर उन्होंने दो घंटे के भीतर लाइन दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बताया कि इस समय शहर में मुख्य रूप से स्मार्ट रोड, परेड ग्राउंड और वाटर सप्लाई आगुमटेशन का कार्य गतिमान है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी। बताया कि वे स्वयं हर सप्ताह स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा करेंगे।
इस दौरान कंपनी के अधिकारियों के अलावा कॉन्ट्रैक्टर व संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।