धनतेरस पर देहरादून में सोने की गिरावट से चमका बाजार, बर्तनों की भी खूब खरीदारी
धनतेरस पर देहरादून में सोने की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौटी, जबकि महंगे बर्तनों की भी खूब बिक्री हुई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। सोने की कीमत में तीन हजार रुपये की गिरावट ने धनतेरस पर सराफा बाजार को चमका दिया तो महंगे बर्तनों ने भी ग्राहकों का उत्साह नहीं घटाया। सोना पिछले साल के मुकाबले अब भी काफी महंगा है, लेकिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी की चाहत पर महंगाई भारी नहीं पड़ी।
शुक्रवार को धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हुई तो दून के बाजारों में मानो खरीदारी का सैलाब उमड़ पड़ा। कहीं सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण पसंद किए गए तो कहीं पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की खनक सुनाई दी।
वाहन शोरूम से लेकर इलेक्ट्रानिक्स प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की कतार लगी रही। दीये, झालर, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर भी देर रात तक चहल-पहल बनी रही।
पलटन बाजार, धामावाला, हनुमान चौक, झंडा बाजार, राजपुर रोड, चकराता रोड, प्रेमनगर, पटेलनगर और धर्मपुर में धनतेरस की रौनक देखते ही बनी। खरीदारी का दायरा भी परंपरागत सामान से आगे बढ़ा।
लोगों ने घर की जरूरतों के साथ वाहन और महंगे इलेक्ट्रानिक उपकरणों पर भी खर्च किया। कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष आफर और छूट दी। धनतेरस की इस रौनक ने दीपावली से पहले ही बाजारों में त्योहार का रंग गाढ़ा कर दिया।
तीन हजार रुपये की गिरावट, फिर भी सोना महंगा
लगातार चढ़ते भाव के बीच धनतेरस पर सोने की कीमत में आई गिरावट ने ग्राहकों को कुछ राहत जरूर दी। सराफा मंडल देहरादून के अनुसार, गुरुवार को 22 कैरेट सोना 1,33,400 रुपये प्रति दस ग्राम था, जो शुक्रवार को घटकर 1,30,400 रुपये रह गया।
एक दिन में तीन हजार रुपये की कमी के बावजूद पिछले वर्ष की तुलना में सोने के दाम काफी अधिक हैं। इसके बाद भी ज्वेलरी शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। आभूषणों के साथ सोने-चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग रही। हालमार्क चांदी का सिक्का 2,360 रुपये में बिका। कई प्रतिष्ठानों ने मेकिंग चार्ज में छूट और उपहार योजनाएं भी पेश कीं।
सराफा मंडल देहरादून के अध्यक्ष सुनील मेसोन ने बताया कि धनतेरस पर ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। सोने के भाव में आई गिरावट से खरीदारी को कुछ प्रोत्साहन मिला और लोगों ने अपने बजट के अनुसार आभूषण व सिक्के खरीदे।
50 प्रतिशत तक महंगे हुए बर्तन, फिर भी खूब बिक्री
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा धामावाला बाजार में खूब नजर आई। पीतल, तांबे, कांसे और स्टील के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारी आरके अग्रवाल और मनेंद्र सिंह के अनुसार, पीतल और तांबे के बर्तन पिछले साल के मुकाबले 40 से 50 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं।
वर्तमान में पीतल 1,500 से 1,800 रुपये और तांबा 2,200 से 2,500 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इसके बावजूद ग्राहकों ने परंपरा निभाने में कंजूसी नहीं की। पीतल, स्टील व कांसे के बर्तन खूब बिके, जबकि एल्युमीनियम के बर्तनों की मांग अपेक्षाकृत कम रही।
रोशनी, मिठास और उपहारों से सजे बाजार
दीपावली की तैयारियों ने बाजारों की रौनक दोगुनी कर दी। मिट्टी के दीयों से लेकर रंग-बिरंगी झालरों, बिजली की लड़ियों, सजावटी मूर्तियों, खील-बताशे और लक्ष्मी-गणेश के स्टीकर तक की खूब बिक्री हुई। मिठाई की दुकानों पर लड्डू, पतीसा, सोनपापड़ी, रसगुल्ले और गुलाब जामुन की मांग रही।
वहीं, ड्राई फ्रूट, जूस और चाकलेट के गिफ्ट पैक भी उपहार के लिए पसंद किए गए। सुविधा सुपर मार्केट के स्वामी अर्पित गुप्ता ने बताया कि विशेष आफर के चलते ड्राई फ्रूट और विभिन्न उत्पादों के गिफ्ट हैंपर की अच्छी मांग रही।
ईएमआइ और छूट के सहारे इलेक्ट्रानिक्स की खरीदारी
टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, गीजर और हीटर जैसे घरेलू उपकरणों की खरीदारी के लिए इलेक्ट्रानिक्स शोरूम में भी भीड़ रही। कंपनियों के आफर और छूट के साथ आसान किस्तों की सुविधा ने ग्राहकों को आकर्षित किया। कारोबारियों के अनुसार, महंगे उत्पाद खरीदने को ग्राहक अब एकमुश्त भुगतान के बजाय ईएमआइ का विकल्प भी अपना रहे हैं।
झाड़ू भी महंगी, फिर भी नहीं टूटी मांग
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की मान्यता ने इसकी दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ जुटाई। हनुमान चौक में सामान्य दिनों में 70 रुपये तक बिकने वाली फूल झाड़ू 100 रुपये तक पहुंच गई। वहीं, सींक वाली झाड़ू 35 रुपये से बढ़कर 50 रुपये तक बिकी। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद इसकी बिक्री में कमी नहीं दिखी।
धन्वंतरि और कुबेर पूजन के साथ दीपोत्सव का आगाज
धनतेरस पर घरों में भगवान धन्वंतरि और कुबेर का विधि-विधान से पूजन किया गया। परिवार की आरोग्यता, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ शुभ मुहूर्त में दीप जलाए गए। पूजा के बाद मिष्ठान वितरित कर पांच दिवसीय दीपोत्सव की खुशियों का आगाज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।