उत्तराखंड में खेल नीति को मजबूत करेगी धामी सरकार, पदक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के निर्देश ...और पढ़ें

सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर
पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नौकरी मिलेगी
गोलापार क्रीड़ा विश्वविद्यालय में अगले माह से सत्र शुरू
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेलों के ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट आफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा है। साथ ही निर्देश दिए कि अधिकतम खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप नई राज्य खेल नीति तैयार करने और गोलापार स्थित राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में अगले माह से शैक्षणिक सत्र शुरू कराने को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सचिवालय में गुरुवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए आधारभूत संरचना के साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और रोजगार पर समान रूप से ध्यान देना होगा।
उन्होंने गोलापार स्थित राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा, ताकि निर्धारित समय पर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो सकें। मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के प्रभावी उपयोग और रखरखाव के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील तथा हरिद्वार और पिथौरागढ़ के खेल परिसरों में उपलब्ध सुविधाओं का खिलाड़ियों के हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा।
विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान और चयन प्रक्रिया को खेल संघों के सहयोग से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से हर हाल में सत्र प्रारंभ करने और एक जिला एक स्पोर्ट्स के तहत खेल नर्सरी विकसित करने पर है।
मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद अब विभाग युद्ध स्तर पर काम करेगा ताकि प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें- मानसून में एक्शन में उत्तराखंड सरकार: सीएम धामी ने बोले- तकनीक से कम करेंगे जोखिम
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड फिल्म नीति, धामी सरकार की पहल फिल्म जगत में चमकेंगे उत्तराखंड के युवा
