उत्तराखंड फिल्म नीति, धामी सरकार की पहल फिल्म जगत में चमकेंगे उत्तराखंड के युवा
उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत एफटीआइआइ, पुणे से पढ़े तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

HighLights
उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत तीन युवाओं को छात्रवृत्ति मिली
एफटीआइआइ, पुणे से पढ़ाई पूरी करने वालों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान बताया
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का लाभ अब राज्य के युवाओं तक पहुंचने लगा है। इसी क्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट आफ इंडिया (एफटीआइआइ), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की है।
फिल्म नीति के तहत एफटीआइआइ, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति दी जाती है।
मेरिट के आधार पर दी जाती है छात्रवृत्ति
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक की सहायता दी जाती है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। तीनों ने एफटीआइआइ, पुणे से अध्ययन पूरा किया है।
‘उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा के धनी हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हों। उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। फिल्म जगत में शिक्षा प्राप्त करने वाले राज्य के युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर सरकार उनके सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।’ - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
