नारीशक्ति वंदन अधिनियम पर विशेष सत्र बुला सकती है धामी सरकार, पदयात्रा और सम्मेलन से विपक्ष को घेरने की तैयारी
उत्तराखंड में नारीशक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। भाजपा विपक्ष पर नारीशक्ति के अपमान का आरोप लगाते हुए आंदोलन करेगी।
HighLights
नारीशक्ति वंदन अधिनियम पर विशेष सत्र बुला सकती है धामी सरकार
विपक्ष पर भाजपा का नारीशक्ति के अपमान का आरोप
सम्मेलन, पदयात्रा से विपक्ष का रवैया उजागर करेगी भाजपा
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। नारीशक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक भले ही लोकसभा में पारित न हो सका हो, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय पर चैन से बैठने के मूड में नहीं हैं।
नारीशक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उत्तर प्रदेश में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की आ रही खबरों के बीच उत्तराखंड में भी सक्रियता बढ़ गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि धामी सरकार भी जल्द ही विधानसभा का विशेष सत्र आहूत कर सकती है।
कांग्रेस समेत विपक्ष पर भाजपा हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है
लोकसभा में नारीशक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक गिरने के बाद से ही कांग्रेस समेत विपक्ष पर भाजपा हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है। इसी क्रम में भाजपा ने विपक्ष पर नारीशक्ति के अपमान का आरोप लगाते हुए महाआक्रोश अभियान संचालित करने का निर्णय लिया है।
भाजपा, पदयात्रा, सम्मेलन के माध्यम से विपक्ष का रवैया करेगी उजागर
इसके तहत वह सम्मेलन, पदयात्रा, पत्रकार वार्ता जैसे आयोजनों के माध्यम से विपक्ष के रवैये को उजागर करेगी। इसके साथ ही माना जा रहा है कि राज्य सरकार भी विधानसभा का विशेष सत्र बुला सकती है, जिसमें नारीशक्ति वंदन अधिनियम और विपक्ष के रवैये पर चर्चा के साथ ही अधिनियम को लागू करने का संकल्प पारित किया जा सकता है।
