धामी सरकार के 5 साल पूरे: सेवा पखवाड़ा समारोह में बोले राज्यपाल- स्टार्टअप और AI के क्षेत्र में आगे बढ़ें युवा
मुख्यमंत्री धामी के पांच साल पूरे होने पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने युवाओं से स्टार्टअप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नवाचार आधारित क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

ऋषिकेश के आइडीपीएल मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। सूवि
HighLights
राज्यपाल ने युवाओं को स्टार्टअप, AI में आगे बढ़ने को कहा
सीएम धामी के 5 साल पर 51 विकास योजनाओं का लोकार्पण
सेवा पखवाड़े में 3500 से अधिक लोगों को मिला लाभ
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी के पांच साल पूरे होने पर प्रदेशभर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने युवाओं से स्टार्टअप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे नवाचार आधारित क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दिया गया ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ का संदेश राज्य की क्षमता और संभावनाओं पर उनके विश्वास का परिचायक है।
उन्होंने राज्य ने पिछले वर्षों में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिए हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। जिसने समानता, न्याय और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सशक्त नकल विरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी प्रावधान, प्रभावी भू-कानून जैसे निर्णय जनहित और सुशासन के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
राज्य की विकास यात्रा में महिलाओं, युवाओं, किसानों और सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
उन्होंने महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण, लखपति दीदी जैसी योजनाओं को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, डा. धन सिंह रावत, खजान दास, भरत चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मुन्ना सिंह चौहान, बृज भूषण गैरोला, सुरेश गड़िया, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, विनोद चमोली, सहदेव सिंह पुंडीर, महापौर ऋषिकेश शंभू पासवान, महापौर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी आदि मौजूद थे।
साढ़े तीन हजार से अधिक ने उठाया योजनाओं का लाभ
सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से सेवाएं प्रदान कीं।
एकीकृत प्रयास के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की 1009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के जरिए पात्र लोगों को लाभ दिलाया गया।
लाभार्थियों को सम्मानित किया
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक समूह को पांच लाख की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी जनपद के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया। चयनित युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार प्राप्त हुआ है।
51 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में देहरादून जिले की कुल 219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इसमें 172.78 करोड़ की 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास और 46.50 करोड़ की 13 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन प्रमुख योजनाओं का किया शिलान्यास
- विधानसभा क्षेत्र मसूरी मोटर मार्ग के किमी 13 से मालसी संपर्क मार्ग में इंटर लाकिंग टाइल्स से सतह सुधार का कार्य।
- विधानसभा क्षेत्र मसूरी दून विहार के आंतरिक मार्गो का सुधारीकरण का कार्य।
- देहरादून के विलासपुर मुख्य मार्ग से विलासपुर एनक्लेव तक मार्ग का इंटर लाकिंग टाइल्स से निर्माण कार्य ।
- वार्ड नंबर आठ सालावाला के आंतरिक मार्गों एवं नालियों का निर्माण एवं सुधारीकरण का कार्य।
- डोईवाला में लक्ष्मीपुरम व प्रयाग एन्कलेव में इंटर लाकिंग टाइल्स निर्माण का कार्य ।
- नकरौंदा में नागेश्वर पुरम, चित्रा विहार आदि में आंतरिक मार्गों में इंटर लाकिंग टाइल्स का निर्माण कार्य।
- धर्मपुर के चंद्रबदनी से हरभजवाला तक आसन नदी की सफाई व दोनों ओर पुश्ता निर्माण (द्वितीय चरण)।
- रायपुर विधानसभा के तहत गुर्जर बस्ती से ओएसिस स्कूल तक सौंग नदी पर चैनेलाईजेशन का कार्य।
- सुसवा नदी के दोनों तटो पर दूधा देवी पुल के अप स्ट्रीम में बाढ़ सुरक्षा योजना।
- डोईवाला विधान सभा क्षेत्र में दुल्हनी नदी के लक्ष्मण सिद्ध कालोनी, नकरौंदा रोड (विवेक विहार एवं वायु विहार) निर्मल कालोनी, वनस्थली पुरम एवं दिल्ली फार्म में बाढ सुरक्षा योजना।
- ब्लाक चकराता के अन्तर्गत ग्राम पंचायत मठियाणा के ग्राम सुनौडा में पाइप नहर निर्माण की योजना, बानपुर एवं शेडिया नहर के जीर्णोद्धार की योजना।
- ब्लाक डोईवाला के छिद्दरवाला नहर, खदरी एवं गुलरानी नहर, बुल्लावाला नहर व हैड के पुनरोद्धार कार्य की योजना।
- ब्लाक डोईवाला के अन्तर्गत निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए गोशाला / शरणालय का निर्माण।
इन प्रमुख योजनाओं का किया लोकार्पण
- डोईवाला के वार्ड नंबर पांच एवं ग्राम पंचायत रानीपोखरी में आंतरिक मार्गों का इंटर लाकिंग टाइल्स से निर्माण कार्य।
- सुद्धोवाला कारागार में वीडियो कांफ्रेसिंग फेसिलिटी के निर्माण कार्य।
- राजकीय बालिका इंटर कालेज, अजबपुरकला, रायपुर, देहरादून में भवन निर्माण।
- डोईवाला में धारकोट से लडवाकोट मोटर मार्ग (अपग्रेडेशन) का कार्य।
- हरिपुर कालसी में स्नान घाट का निर्माण
- मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बाला सुंदरी कैनाल रोड, गंगोत्री विहार के पास रिस्पना नदी के किनारे पार्क विकसित करने का कार्य।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में सीएम धामी ने चार जिलों को साधा, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर किया प्रहार
