मुख्यमंत्री धामी ने कंटेंट क्रिएटर्स से उत्तराखंड की ब्रांडिंग में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया
मुख्यमंत्री धामी ने कंटेंट क्रिएटर्स से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और अनछुए पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान किया।
-1791652720203_m.webp)
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफार्म के प्रभावी उपयोग से पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार तैयार करने और पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने क्रिएटर्स से प्रदेश की सकारात्मक और वास्तविक तस्वीर देश-दुनिया के सामने रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्य सेवक सदन में शाइनिंग स्टार्स आफ उत्तराखंड कार्यक्रम में उत्तराखंड से जुड़े प्रमुख यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, गायक, अभिनेता और फिल्म जगत की प्रतिभाओं के साथ संवाद में यह बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने उनके सवालों के जवाब देते हुए पर्यटन, स्वरोजगार, रिवर्स माइग्रेशन, विवाह पर्यटन और फिल्म शूटिंग की संभावनाओं पर सरकार का दृष्टिकोण साझा किया।
स्थानीय उत्पादों और पर्यटन पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के अलावा मिलम व पिंडारी ग्लेशियर, चकराता, माणा और मलारी जैसे क्षेत्रों को भी डिजिटल माध्यमों से पहचान दिलाई जा सकती है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को सोशल मीडिया के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी क्रिएटर्स से सहयोग मांगा।
राज्यहित को बताया फैसलों का आधार
समान नागरिक संहिता और नकलरोधी कानून का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय राज्यहित और भावी पीढ़ियों का कल्याण प्राथमिकता में रहता है।
उन्होंने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, पहाड़ों में स्वरोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी को भी विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। आगामी हरिद्वार कुंभ की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में पवनदीप राजन, सौरव जोशी, तनु रावत, आरजे काव्या, प्रियंका कंडवाल और आशा नेगी सहित कई प्रमुख प्रतिभाएं उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित भी किया।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का विरोध, देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं के साथ फूंका पुतला
