विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीलम की शानदार पारी और अमीषा की घातक गेंदबाजी से देहरादून वारियर्स बनी महिला यूपीएल चैंपियन

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:02 AM (IST)

देहरादून वारियर्स ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) महिला वर्ग का खिताब मसूरी क्वींस को 15 रन से हराकर जीत लिया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. देहरादून वारियर्स ने यूपीएल महिला वर्ग का खिताब जीता।

  2. नीलम भारद्वाज ने 48 रन बनाए, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं।

  3. अमीषा बहुखंडी ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

जागरण संवाददाता, देहरादून: देहरादून वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में देहरादून ने मसूरी क्वींस को 15 रन से हराया।

देहरादून की जीत की नायिका नीलम भारद्वाज रहीं, जिन्होंने 48 रन की संयमित पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। मसूरी क्वींस ने टॉस जीतकर देहरादून को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। कप्तान स्वेता मोहन वर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।

इसके बाद कर्री (15) और नीलम भारद्वाज ने पारी संभाली। नीलम ने 46 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाकर 48 रन बनाए। प्रीति भंडारी ने 17 गेंदों में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली। अंतिम ओवरों में तारा बिष्ट और मीनाक्षी के योगदान से देहरादून ने नौ विकेट पर 115 रन बनाए। मसूरी की पूजा राज ने तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई मसूरी

116 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मसूरी क्वींस की शुरुआत खराब रही। कप्तान नंदिनी कश्यप ने 20 और गरिमा वशिष्ठ ने 20 रन बनाए, जबकि दीपिका चंद 23 रन पर नाबाद रहीं। टीम सात विकेट पर 100 रन ही बना सकी।

देहरादून की अमीषा बहुखंडी ने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट झटके। धारा रावत और याशी को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के दम पर देहरादून ने 15 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें- बेरोजगार युवा हो जाएं तैयार! देहरादून में लगने वाला है रोजगार मेला... 18 कंपनियां देंगी नौकरी- दुबई जाने का भी मौका