विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में ट्रक ने पुलिस की बस को मारी टक्कर, हादसे में घायल हुए 5 सिपाही

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:25 AM (IST)

देहरादून में आशारोड़ी चेकपोस्ट पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस बस और फिर एक बाइक को टक्कर मार दी, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. आशारोड़ी चेकपोस्ट पर ट्रक ने पुलिस बस को टक्कर मारी।

  2. हादसे में पांच पुलिसकर्मी और दो बाइक सवार घायल हुए।

  3. तीन दिन में यह दूसरी बड़ी घटना, सुरक्षा पर सवाल।

जागरण संवाददाता, देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी चेकपोस्ट पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जवानों की बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक ने एक बाइक को भी चपेट में ले लिया, जिसके कारण बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने 07 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस जवानों की बस रुड़की से देहरादून आ रही थी। बस जैसे ही आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे सीमेंट से लदे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस बस क्षतिग्रस्त हो गई और पलट गई। बस में सवार जवान घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

घायलों में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर व कांस्टेबल सुनील कुमार सभी आइआरबी फर्स्ट, बेल पड़ाव, रामनगर शामिल हैं। इसके अलावा बाइक सवार शाहिद निवासी भगवानपुर और इमरान निवासी बिहारीगढ़ भी घायल हुए हैं, जोकि किसी काम से देहरादून आ रहे थे। थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन लोकपाल परमार ने बताया कि ट्रक ने पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मारी है। हादसे में पुलिसकर्मी व बाइक सवार घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन दिन में दूसरी बड़ी घटना
आशारोड़ी चेकपोस्ट के आसपास लगातार हो रहे हादसों ने यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। महज तीन दिन पहले भी इसी स्थान पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक इंस्पेक्टर की कार को टक्कर मार दी थी। उस घटना के बाद अब पुलिस बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से चेकपोस्ट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की रफ्तार पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- चारधाम यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, टूट गया 2023 का रिकॉर्ड; 56 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या