विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, महानगरों जैसा मॉडल होगा लागू

Published: Fri, 20 Mar 2026 05:22 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 20 Mar 2026 05:23 AM (GMT+05:30)

देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े बदलाव की तैयारी में हैं। ...और पढ़ें

छह ट्रैफिक थाने शुरू करने के लिए एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव। सांकेतिक तस्वीर

छह ट्रैफिक थाने शुरू करने के लिए एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश में छह नए ट्रैफिक थाने खुलेंगे।

  2. स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल और ई-चालान के लिए आईटीएमएस लागू होगा।

  3. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया जाएगा।

सोबन सिंह गुसांई, देहरादून। देहरादून की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब बड़े बदलाव की तैयारी में हैं। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए दून को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

देहरादून, विकासनगर व ऋषिकेश में जो ट्रैफिक थाने खुलेंगे वहीं से क्षेत्र के यातायात का संचालन होगा। चालान से लेकर समन तक की कार्रवाई भी इन्हीं ट्रैफिक थानों से होगी। ट्रैफिक थानों में तैनात होने वाले स्टाफ के लिए एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भी भेज दिया है।

देहरादून में पदभार संभालने के बाद से ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल यातायात सुधार के लिए माथापच्ची करने में जुटे हुए हैं। वह पुलिस अधिकारियों के साथ कई बार शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का दौरा भी कर चुके हैं।

लंबी कसरत के बाद जनपद में छह ट्रैफिक थाने खोलने की योजना बनाई गई है। देहरादून में यह ट्रैफिक थाने जाखन, आइएसबीटी, प्रेमनगर स्थित पंडितवाड़ी, रिस्पना पुल जबकि एक-एक ट्रैफिक थाना विकासनगर व ऋषिकेश में खोले जाएंगे।

स्टाफ व नियतन के लिए भेजा प्रस्ताव
ट्रैफिक थानों के लिए एसएसपी की ओर से पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। एक ट्रैफिक थाने में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर के अलावा कार्यालय की कार्रवाई के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा यातायात व सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) को छह थानों में बांटा जाएगा।

मौजूदा समय में यातायात पुलिस के पास चार ट्रैफिक इंस्पेक्टर हैं जबकि एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर पुलिस मुख्यालय में तैनात है। ऐसे में दो और ट्रैफिक इंस्पेक्टरों के लिए प्रस्ताव गया है। इसके अलावा सीपीयू में दारोगा, हेड कांस्टेबल व कांस्टेबलों की संख्या काफी कम हो चुकी है, ऐसे में यहां भी कर्मियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- धामी मंत्रिमंडल विस्तार: उत्तराखंड में आज पांच नए मंत्री लेंगे शपथ, जातीय व क्षेत्रीय संतुलन पर जोर


एसआइ से जुड़ेंगे ट्रैफिक सिग्नल, मानवशक्ति होगी कम
शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इन सिग्नलों को सेंसर और कैमरों से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहनों की संख्या के अनुसार सिग्नल अपने आप नियंत्रित हो सकेंगे। इससे अनावश्यक इंतजार कम होगा और यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा।

इसके अलावा, शहर में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ई-चालान की कार्रवाई होगी। इससे ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की तलाश
एसएसपी के निर्देश पर शहर में पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पार्किंग की तलाश की जा रही है ताकि सड़कों पर खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से राहत मिल सके। रिस्पना पुल, आइएसबीटी व घंटाघर क्षेत्र में सड़क किनारे वाहन खड़े होने के कारण सर्वाधिक जाम लगता है। इन क्षेत्रों में पार्किंग होगी तो सड़कों पर जाम लगाने वाले वाहन यहीं खड़े होंगे और जाम से राहत मिल सकेगी।

शहर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए मंथन किया जा रहा है। छह ट्रैफिक थाने खोलने के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। ट्रैफिक थानों से ही क्षेत्र में पूरे यातायात का संचालन होगा। क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी यहीं से ही लगेगी। अलग-अलग भागों में ड्यूटी लगने से कर्मचारियाें की निगरानी भी आसानी से की जा सकेगी।

-

- प्रमेन्द्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।