विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में त्योहारों और शादियों ने बढ़ाई जाम की समस्या, ट्रैफिक प्लान फेल

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:08 AM (IST)

त्योहारों और शादी के सीजन के कारण देहरादून में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों ...और पढ़ें

सुबह से ही शहर के मार्गों पर रहा यातायात का दबाव, शाम होते-होते हर तरफ लगा जाम.

सुबह से ही शहर के मार्गों पर रहा यातायात का दबाव, शाम होते-होते हर तरफ लगा जाम.

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। त्योहारों की रौनक और शादियों के सीजन के बीच राजधानी की सड़कों पर आम आदमी का ‘बैंड’ बज गया। मंगलवार को सुबह से ही शहर में यातायात का दबाव बना रहा, लेकिन शाम होते-होते स्थिति और बिगड़ गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हरिद्वार बाइपास से लेकर राजपुर रोड, घंटाघर के आसपास, सर्वे चौक और हरिद्वार रोड तक लोग जाम से जूझते रहे। छह नंबर पुलिया और डोभाल चौक पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। हालात ऐसे रहे कि कई जगह लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया।

कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव

त्योहारों के चलते बाजारों में बढ़ती भीड़ और शादियों के सीजन में सड़कों पर बढ़ते वाहनों ने यातायात व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शाम के समय कार्यालयों से घर लौटने वाले लोगों, बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वालों और शादी समारोहों में जाने वाले लोगों के वाहन एक साथ सड़कों पर उतरे तो कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। इसका असर शहर के अंदरूनी मार्गों के साथ ही प्रमुख चौराहों पर भी देखने को मिला।

हरिद्वार बाइपास पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मार्ग पर जाम का कारण सड़क किनारे बारात निकलना भी रहा। राजपुर रोड और घंटाघर के आसपास भी यातायात का दबाव बना रहा। वहीं, सर्वे चौक और हरिद्वार रोड पर जाम के चलते वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गईं।

छह नंबर पुलिया और डोभाल चौक पर भी यातायात सुचारु रखने की चुनौती बनी रही। जाम में फंसे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालक भी जाम से बचने के लिए इधर-उधर से निकलने का प्रयास करते नजर आए। इससे कुछ स्थानों पर यातायात को व्यवस्थित रखना और चुनौतीपूर्ण हो गया।

पुलिस तैनात, फिर भी नहीं मिली राहत

यातायात का दबाव बढ़ने के बीच सड़कों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे, लेकिन जाम की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। पुलिस की ओर से तैयार किया गया यातायात प्लान भी धरातल पर प्रभावी नजर नहीं आया।

प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रही। पुलिस की मौजूदगी के बाद भी यदि वाहनों की कतारें लंबी होती रहें और लोगों को घंटों परेशान होना पड़े, तो यातायात प्लान की प्रभावशीलता पर सवाल उठना लाजिमी है।

आगे भी बढ़ सकती हैं मुश्किलें

त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने और शादी समारोहों के चलते वाहनों का दबाव बने रहने की संभावना है। ऐसे में यातायात पुलिस के सामने आने वाले दिनों में भी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती रहेगी। जरूरत इस बात की है कि केवल प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती तक व्यवस्था सीमित न रहे, बल्कि जाम वाले स्थानों पर अतिरिक्त प्रबंधन, प्रभावी डायवर्जन और लगातार निगरानी की जाए।

यह भी पढ़ें- देहरादून दशहरा शोभायात्रा: यातायात डायवर्ट, परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन

यह भी पढ़ें- देहरादून से ऊखीमठ-चोपता के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत