केंद्रीय मंत्री अमित शाह की जनसभा को लेकर देहरादून में रूट डायवर्जन, कई मुख्य रास्तों में बदलाव
देहरादून में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की जनसभा, अलंकरण परेड और धनतेरस की खरीदारी के कारण शुक्रवार को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।

अमित शाह फाइल फोटो।
HighLights
अमित शाह की जनसभा, परेड, धनतेरस से यातायात में बदलाव।
कई प्रमुख सड़कें जीरो जोन, बाजारों में वाहनों पर प्रतिबंध।
विभिन्न आयोजनों के लिए विशेष पार्किंग व मार्ग परिवर्तन किए गए।
जागरण संवाददाता, देहरादून। शुक्रवार को शहर में घर से वाहन लेकर निकलने से पहले अपना रास्ता व पार्किंग स्थल जरूर देख लें। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की परेड ग्राउंड में जनसभा, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड और धनतेरस की खरीदारी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।
कई प्रमुख सड़कें जीरो जोन रहेंगी, बाजारों में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी और यातायात का दबाव बढ़ने पर चौराहों से रूट डायवर्ट किए जाएंगे। ऐसे में बिना रूट प्लान देखे निकले तो रास्ते में फंसना तय है।
परेड ग्राउंड के आसपास इन रास्तों पर नहीं जा सकेंगे वाहन
जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक जीरो जोन रहेगा।
सर्वे चौक से ओरियंट और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहन रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर भेजे जाएंगे।
बुद्धा चौक से क्रास रोड जाने वाले वाहन एमकेपी कालेज होकर जाएंगे।
आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड भेजा जाएगा।
जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट
हरिद्वार-ऋषिकेश: रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहा होते हुए पानी की टंकी के पास ड्रॉप प्वाइंट। पार्किंग बन्नू स्कूल में।
रुड़की-भगवानपुर-आइएसबीटी: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने ड्राप प्वाइंट। पार्किंग बन्नू स्कूल में।
सहस्रधारा-रायपुर: सहस्रधारा रोड, क्रासिंग और सर्वे चौक होते हुए सर्वे आफ इंडिया गेट के सामने ड्रॉप प्वाइंट। पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में।
विकासनगर-चकराता-सहसपुर: किशननगर, बिंदाल, घंटाघर, ओरियंट और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने ड्राप प्वाइंट। पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में।
जनसभा में आने वाले छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस और मंगला देवी इंटर कालेज में पार्किंग रहेगी।
वीआइपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक और तिब्बती मार्केट की मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है।
पुलिस लाइन के आसपास भी बदलेगा रास्ता
अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक जीरो जोन रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक की ओर और बन्नू चौक से आने वाले वाहन गुरुनानक-सूरी चौक होकर भेजे जाएंगे। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग रहेगी।
धनतेरस पर बाजार जाने से पहले देख लें पार्किंग
धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स, नेहरू कालोनी के लोग जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड, रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर की अंदरूनी सड़क, प्रेमनगर के लोग दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिवमंदिर बाजार आने वाले मालदेवता रोड पर वाहन पार्क करेंगे।
राजपुर रोड, रायपुर, सहस्रधारा और डालनवाला क्षेत्र से आने वालों के लिए सर्वे चौक के पास नैनी बेकरी की ओर 60 मीटर तक, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कालेज, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए काम्प्लेक्स में व्यवस्था रहेगी।
चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट के वाहन जनपथ काम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क होंगे। ईसी रोड, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कालोनी से आने वाले लोग दरबार साहिब, राजीव गांधी काम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड में वाहन खड़े कर सकेंगे
सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग से आने वालों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय परिसर और नगर निगम परिसर में पार्किंग रहेगी।
पलटन बाजार जाने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कालेज और सीएनआई स्कूल में जगह निर्धारित की गई है।
रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कालेज, नगर निगम परिसर, गांधी इंटर कालेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होगी।
पलटन बाजार में सुबह लोडिंग वाहन प्रतिबंधित
पलटन बाजार, धामावाला, मच्छी बाजार और पीपलमंडी में यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी वाहनों के लिए जीरो जोन लागू होगा। केवल पैदल आवाजाही की अनुमति रहेगी। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से लोडिंग वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। सुबह 10 से रात नौ बजे तक लोडिंग प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के आधार पर प्रवेश मिलेगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था रहेगी
विक्रम और सिटी बसों के रूट भी बदले
विक्रम नंबर एक: ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होकर वापस राजपुर रोड जाएंगे। जनसभा के दौरान ओरियंट चौक तक ही आएंगे।
विक्रम नंबर दो: सामान्य व्यवस्था में सर्वे चौक से लौटेंगे, दबाव बढ़ने पर सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस होंगे।
विक्रम नंबर तीन: सामान्य व्यवस्था में रिची-रिच तिराहा, आइजी कट, दून चौक और एमकेपी होकर चलेंगे। दबाव बढ़ने पर धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई होकर लौटेंगे।
विक्रम नंबर पांच और आठ: सामान्य व्यवस्था में तहसील चौक तक आएंगे, दबाव बढ़ने पर रेलवे स्टेशन से वापस होंगे।
विक्रम नंबर सात और आठ (प्रेमनगर-कोलागढ़): दबाव बढ़ने पर बिंदाल कट से वापस होंगे।
राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होकर चलेंगी। डोईवाला और सहस्रधारा की बसों का पिकअप प्वाइंट रेंजर्स ग्राउंड रहेगा। रायपुर से घंटाघर जाने वाली बसें सर्वे चौक से बहल चौक होकर जाएंगी। विश्वनाथ सेवा की बसें चुना भट्टा से संचालित होंगी।
दबाव बढ़ने पर इन रास्तों से होगा डायवर्जन
सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहन कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड भेजे जाएंगे।
घंटाघर पर दबाव होने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहन ओरियंट चौक से कनक चौक और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहन लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट होंगे।
धर्मपुर में दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहन रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से आने वाले वाहन फव्वारा चौक की ओर भेजे जाएंगे।
शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टो करने के साथ 1500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। शापिंग काम्प्लेक्स संचालकों को बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही निजी वाहन लेकर निकलें। सार्वजनिक परिवहन और दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता दें। खरीदारी के लिए समय रहते निकलें, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।