देहरादून में खौफनाक वारदात, शराब के लिए बेटे ने चाकू गोदकर की पिता की हत्या
देहरादून के राजपुर में शराब के आदी एक बेटे ने अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। पिता ने ...और पढ़ें
-1794245824707_m.webp)
हत्या करने वाला आरोपी
HighLights
बेटे ने शराब के लिए पिता की चाकू मारकर हत्या की।
पिता ने बेटे को भांजे पर हमला करने से रोका था।
पुलिस ने आरोपी बेटे नितिन राणा को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। शराब की लत किस तरह इंसान को हैवान बना सकती है, इसका खौफनाक मामला राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान में नशे के आदी एक युवक ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी।
पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने बेटे को उसके भांजे के साथ विवाद करने और उस पर हमला करने से रोकने की कोशिश की थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी एक युवक ने अपने पिता मदन राणा (62) पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मदन राणा एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में घटना की जो वजह सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है। पुलिस के मुताबिक, मदन राणा का 35 वर्षीय बेटा नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने पड़ोस में रहने वाले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशा करने के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से मना किया तो नितिन ने गुस्से में आकर उस पर दरांती से हमला करने का प्रयास किया।
नितिन के हमले से बचने के लिए ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी दौरान पिता मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंच गए। उन्होंने बेटे को डांटते हुए उसे ऐसा करने से रोका। पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में गुस्साए नितिन ने इसी दौरान अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई कराई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। आरोपित नितिन राणा को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।