विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून: जनगणना में लगी शिक्षकों की ड्यूटी, कई स्कूलों में पढ़ाई पर मंडराया संकट

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:00 AM (IST)

शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी पर लगाए जाने से देहरादून के रायपुर ब्लॉक के कई सरकारी स्कूलों में पढ़ाई पर संकट आ गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित।

  2. कई स्कूलों में सभी या अधिकांश शिक्षक ड्यूटी पर।

  3. शिक्षक संघ ने ड्यूटी आदेशों में संशोधन की मांग की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। जनगणना के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाने से रायपुर ब्लॉक के कई सरकारी स्कूलों में पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है। कुछ स्कूलों में सभी शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगा दिया गया है, जबकि कई विद्यालयों में एक शिक्षक को छोड़कर बाकी सभी की ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में एक दिसंबर से इन स्कूलों में पढ़ाई और बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी कैसे निभाई जाएगी, इसे लेकर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने चिंता जताई है।

जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का काम एक दिसंबर 2026 से नौ जनवरी 2027 तक होना है। इसके लिए रायपुर ब्लाक के अधिकांश स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। संघ ने उप शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर ड्यूटी आदेशों में संशोधन की मांग की है।

संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी, मंत्री बिनोद सिंह असवाल और कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी के अनुसार, मोटीधार, चक तलाई, चालंग, खैरी मान सिंह और राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ासी में सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिमियारी, चलचला, खालौंच, सुवाखोली, सिल्ला, सहारनपुर रोड, गढ़वाली कॉलोनी और आराघर समेत कई स्कूलों में एक शिक्षक को छोड़कर बाकी सभी को जनगणना कार्य में लगाया गया है।

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परेड ग्राउंड और राजपुर रोड स्थित विद्यालय भी इस स्थिति से प्रभावित हैं। ब्लाक के अधिकांश स्कूलों में 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे नियमित कक्षाओं के संचालन के साथ मध्याह्न भोजन, विभागीय अभिलेखों के रखरखाव और दूसरी गतिविधियों पर असर पड़ेगा।

खासकर प्राथमिक स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के लिए पर्याप्त शिक्षकों का होना जरूरी है। संघ ने मांग की है कि प्रत्येक स्कूल में कम से कम 50 प्रतिशत शिक्षक उपलब्ध रखे जाएं। जिन स्कूलों में सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, वहां आदेशों में संशोधन किया जाए।

कम शिक्षक संख्या वाले स्कूलों में जनगणना कार्य के लिए दूसरे विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएं। उन्होंने उप शिक्षा अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर संशोधित ड्यूटी आदेश जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जनगणना का राष्ट्रीय दायित्व निभाने के साथ बच्चों की पढ़ाई भी जारी रहनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- देहरादून के डोईवाला में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो किशोरियों को कुचला, एक की मौत दूसरी गंभीर घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।