थाईलैंड में पति के संबंधों का खुलासा, एसबीआई कर्मचारी ने लगाए उत्पीड़न के आरोप
एसबीआई कर्मचारी नेहा फरासी ने अपने अधिवक्ता पति कपिल फरासी पर मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह विवाद पति के थाईलैंड में दूसरी महिलाओं से संबंधों का पता चलने के बाद बढ़ा, जिसमें संपत्ति और बैंक खातों को लेकर भी मतभेद हैं।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। पति की ओर से धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के बाद एसबीआइ की कर्मचारी नेहा फरासी ने दावा किया कि मामला धोखाधड़ी का नहीं बल्कि घरेलू हिंसा व विवाद का है।
नेहा ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता पति के थाईलैंड में दूसरी महिलाओं से संबंध होने का पता चलने पर वैवाहिक विवाद बढ़ गया था। इसके कारण वह घर छोड़कर चली गई। नेहा ने बुधवार को अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
नेहा ने पति कपिल फरासी पर मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न, संपत्ति के दुरुपयोग और पारिवारिक विवाद को गलत तरीके से पेश कर उनकी छवि खराब करने के आरोप लगाए हैं।
एसएसपी को दिए पत्र में नेहा ने बताया कि पति उन्हें झूठ बोलकर थाईलैंड यात्रा पर गए थे। बाद में उन्हें वहां पति के दूसरी महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली। उनके पास इस संबंध में कुछ तस्वीरें भी हैं।
घटना के बाद वैवाहिक संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हुआ और दोनों एक फरवरी से अलग रह रहे हैं। नेहा ने आरोप लगाया कि पति ने उनकी व्यक्तिगत संपत्ति से संबंधित पावर आफ अटार्नी का दुरुपयोग कर बिना जानकारी व सहमति के सास के नाम गिफ्ट डीड करा दी। संयुक्त मकान की ईएमआइ उनके वेतन से कट रही है, जबकि मकान पर पति का कब्जा है।
दोनों कारों के स्वामित्व, ईएमआइ और कब्जे को लेकर भी विवाद है। उन्होंने संयुक्त एफडी की धनराशि अपने खाते में स्थानांतरित करने और बैंक लाकर से गहने निकालने के आरोपों को गलत बताया। वहीं, बैंक प्रबंधक वैभव अग्रवाल ने बैंक अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने के साथ कपिल फरासी की शिकायत पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।