विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में यूपी के दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Published: Mon, 27 Apr 2026 06:08 AM (IST)

देहरादून में पुलिस और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश अब्दुला के पैर में गोली लगी।

वसंत विहार क्षेत्र में हुई मुठभेड़ की घटना के बाद घटनास्थल का दौरा करते एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल

वसंत विहार क्षेत्र में हुई मुठभेड़ की घटना के बाद घटनास्थल का दौरा करते एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल

HighLights

  1. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में गोली लगी।

  2. घायल बदमाश अब्दुला पर यूपी-उत्तराखंड में 9 मुकदमे दर्ज।

  3. पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस और स्कूटी बरामद की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। आपराधिक घटना को अंजाम देने दून पहुंचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जब बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया।

आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की, जोकि एक बदमाश के पैर में लगी। गोली लगने से अब्दुला निवासी रसूलपुर रमजानपुर देहात कोतवाली जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अब्दुला के साथी शाहनवाज सलमानी निवासी ज्वालापुर मोहल्ला हज्जबान चैहानान सहारनपुर उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी शेरपुर टांडा सहसपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि आपरेशन प्रहार के तहत वसंत विहार थाना पुलिस की ओर से शनिवार रात को हरबंशवाला बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनो की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक नीली रंग की बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, जिस पर दो लोग सवार थे, को रोकने का प्रयास किया गया।

स्कूटी सवार व्यक्ति बैरियर पर वाहन चेकिंग के लिए न रूककर तेजी गति से हरबंशवाला से टी स्टेट की तरफ भाग गए।
पुलिस टीम ने संदिग्ध स्कूटी का पीछा किया गया तो स्कूटी सवार व्यक्ति ने पुलिस टीम पर अचानक फायर झोंक दिया। पुलिस टीम की ओर से स्कूटी सवारों को रोकने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन आरोपित पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करते रहे।

पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश को गोली लगी, पुलिस टीम ने भाग रहे दोनों आरोपितों को पकड़ा लिया। पुलिस टीम ने घायल बदमाश को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे एसएसपी

घटना की सूचना पाकर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल व एसपी सिटी प्रमोद कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं फील्ड यूनिट की ओर से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। उच्चाधिकारियों की ओर से चिकित्सालय जाकर घायल बदमाश के बारे में जानकारी ली। घटना में मौके पर बदमाशों से दो तमंचे, कारतूस, घटना में इस्तेमाल स्कूटी को बरामद किया गया।

अब्दुला के विरुद्ध उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में कई मुकदमे

एसएसपी ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपित अब्दुला एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में 9 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित डकैती का प्रयास, आर्म्स एक्ट व चोरी की घटनाओं में जेल भी जा चुका है।

उत्तर प्रदेश की पुलिस भी आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना वसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों के बारे में अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में बिल्डर की गुंडा प्रवृत्ति पर डीएम का डंडा, जिला बदर की तैयारी