विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देहरादून: आइटीबीपी प्रथम वाहिनी ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता, पढ़िए खेल जगत से जुड़ी कुछ और खबरें

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Fri, 05 Nov 2021 11:03 AM (IST)

अंतर वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्रीय मुख्यालय (देहरादून) के तहत आने वाली आइटीबीपी की ...और पढ़ें

देहरादून: आइटीबीपी प्रथम वाहिनी ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता।
देहरादून: आइटीबीपी प्रथम वाहिनी ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता।

जागरण संवाददाता, देहरादून। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल 23वीं वाहिनी के कैंप परिसर में तीन दिवसीय अंतर वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्रीय मुख्यालय (देहरादून) के तहत आने वाली आइटीबीपी की प्रथम, आठवीं, बारहवीं, 23वीं और 35वीं वाहिनी ने हिस्सा लिया। इसमें प्रथम वाहिनी ने पहला व 23वीं वाहिनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में उत्तरी फ्रंटियर मुख्यालय के महानिरीक्षक निलाभ किशोर, महानिरीक्षक (चिकित्सा) पीके गोयल, उप महानिरीक्षक मंधीर सिंह, उप महानिरीक्षक आरके नरवाल व 23वीं वाहिनी के सेनानी शेन्दिल कुमार ने विजयी टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने हिमवीरों को प्रेरित करता कहा कि हमें अपने जीवन में किसी ने किसी खेल को जरूर अपनाना चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य लाभ मिलता है बल्कि जीवन में धैर्य व संघर्ष की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों व बल के सभी सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

क्रिकेटर बेटियों ने दिया दीपावली का तोहफा

उत्तराखंड की सीनियर महिला टीम ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को जीत का तोहफा दिया है। वूमेंस सीनियर वनडे ट्राफी में उत्तराखंड ने चंडीगढ़ को 103 रन से हराकर अंक तालिका में बढ़त बनाई है। पुणे के आजम कैंपस में बुधवार को चंडीगढ़ और उत्तराखंड के बीच मुकाबला खेला गया। चंडीगढ़ ने टास जीतकर पहले खेलने के लिए उत्तराखंड को आमंत्रित किया। पहले खेलने उतरी उत्तराखंड को नजमा शून्य व ज्योति गिरी 9 के रूप में शुरुआती झटके लगे।

इसके बाद कप्तान अंजू तोमर की नाबाद 124 रन की शतकीय पारी और सारिका कोहली की 58 रन की अर्द्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। चंडीगढ़ के लिए रजनी देवी ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ पर उत्तराखंड शुरुआत से ही हावी रही। उत्तराखंड के गेंदबाजों के दवाब में चंडीगढ़ 47 ओवर में 128 रन पर सिमट गई। टीम के लिए शिवानी ठाकुर ने सर्वाधिक 33, शिवांगी ने 23 व अमन जोत ने 15 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए अमीषा बहुखंडी ने तीन, राधा चंद व अंजलि कठैत ने दो-दो विकेट झटके।

मिनी स्टेडियम में प्रस्तावित कोर्ट व ट्रैक

फुटबाल मैदान, 100 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक, वालीबाल कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, कबड्डी, खो-खो कोर्ट बनाए जाने प्रस्तावित हैं। खेलो इंडिया योजना के तहत मिनी स्टेडियम को संवारने का कार्य पेयजल निर्माण निगम ने शुरू कर दिया है। युवा कल्याण विभाग के उप निदेशक अजय अग्रवाल ने बताया कि स्टेडियम में 100 मीटर लंबा और 65 मीटर चौड़ा फुटबाल मैदान बनेगा। इसमें इरिगेशन सिस्टम भी लगाया जाएगा ताकि ग्राउंड हरा-भरा रहे। कार्य पूरा करने के लिए एक साल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह भी पढें- वूमेंस सीनियर वनडे ट्राफी में असम, महाराष्ट्र और केरल की जीत