यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dehradun News : शार्ट सर्किट से सुविधा सुपर स्टोर में लगी आग, मौजूद थे 20 से 25 कर्मचारी; बाहर भागकर बचाई जान
Dehradun News देहरादून के पटेलनगर स्थित सुविधा स्टोर में अचानक आग लग गई। रविवार सुबह करीब 945 पर स्टोर की ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: पटेलनगर स्थित सुविधा स्टोर में रविवार को आग लगने से काफी सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की टीम करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी। आग के विकराल रूप धारण करने से पहले ही स्टोर में मौजूद कर्मचारी बाहर निकल गए थे, इससे कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने इनवर्टर में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। वहीं, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। उस समय स्टोर में 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि, कोई उपभोक्ता स्टोर नहीं पहुंचा था। सभी कर्मचारी दैनिक कामकाज में व्यस्त थे, तभी किसी कर्मचारी ने स्टोर की सबसे ऊपरी (चौथी) मंजिल से धुआं उठता देखा। उसने यह बात अन्य कर्मचारियों को बताई तो अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए कर्मचारी कोई कदम उठा पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। ऐसे में सभी कर्मचारी बिल्डिंग से बाहर निकल गए और करीब पौने नौ बजे फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। साथ ही उच्च अधिकारियों को फोन कर इस बारे में बताया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी जद में ले लिया। हर तरफ से आग की लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलने के 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन आग की लपटों और धुएं के कारण कर्मचारियों को बिल्डिंग में घुसने का रास्ता नहीं मिला। ऐसे में कर्मचारी बगल वाली बिल्डिंग से ऊपर चढ़े और स्टोर के शीशे तोड़कर अंदर घुसे।
पांच गाडिय़ों से बुझाई गई आग
स्टोर में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया था कि उस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की पांच गाडिय़ां बुलानी पड़ीं। आग को देखने के लिए घटनास्थल पर भीड़ जुट गई थी। इस कारण कुछ देर तक फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को बिल्डिंग के अंदर जाने के लिए रास्ता नहीं मिला। पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया, तब जाकर कर्मचारी आग बुझाने का काम शुरू कर पाए।
होज रील नहीं कर रही थी काम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती ने बताया कि स्टोर में आग बुझाने के लिए पूरा प्रबंध था, लेकिन होज रील (पानी की सप्लाई करने वाला पाइप) काम नहीं कर रही थी। इसके अलावा स्टोर में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिनगुशर भी मौजूद थे, मगर स्टोर के स्टाफ ने उनका इस्तेमाल नहीं किया और फायर ब्रिगेड के आने का इंतजार किया। इस कारण आग तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि स्टोर की खामियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
लिफ्ट में कोई होता तो बड़ा हादसा हो सकता था
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि स्टोर में आग लगने के कुछ देर बाद पूरी बिल्डिंग की बिजली गुल हो गई थी। लिफ्ट भी एक जगह फंस गई थी। गनीमत रही कि उस समय लिफ्ट में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि लिफ्ट में धुंआ घुस गया था। जो जानलेवा साबित हो सकता था।
