Move to Jagran APP

Dehradun News: सीएम धामी की बड़ी घोषणा- प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट

सूचना प्रौद्योगिकी को प्रदेश में विस्तार देने के लिए विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी नवाचार नीति लाई जाएगी। उन्होंने हल्द्वानी में गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को उच्चीकृत करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले खेल विश्वविद्यालय खोलने की भी घोषणा की।

By Vikas gusainEdited By: Shivam YadavThu, 23 Mar 2023 09:29 PM (IST)
Dehradun News: सीएम धामी की बड़ी घोषणा- प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट
सीएम धामी ने खेल विश्वविद्यालय खोलने की भी घोषणा की।

देहरादून, राज्य ब्यूरो: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की बसों में परीक्षा के दिन यात्रा करने पर किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। इसके लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री प्रतियोगी परीक्षार्थी परिवहन योजना शुरू की जाएगी। 

मुख्यमंत्री ने 250 अथवा उससे अधिक जनसंख्या वाले गांवों तक सड़क पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू करने की भी घोषणा की। सरकारी स्कूलों में बच्चों का आधार तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत करने के लिए कक्षा छह से कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी शिक्षा को लागू करने का भी सरकार ने निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर रेंजर्स मैदान में आयोजित कार्यक्रम में ये घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्कूलों में प्रयोगशालाएं नहीं हैं। इस कमी को दूर करने के लिए सभी 13 जिलों में लैब ऑन व्हील्स, यानी चलती फिरती प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएगी। 

प्रदेश को विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी गलियारे के रूप में विकसित किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी को प्रदेश में विस्तार देने के लिए विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी नवाचार नीति लाई जाएगी। उन्होंने हल्द्वानी में गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को उच्चीकृत करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले खेल विश्वविद्यालय खोलने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 16 घोषणाएं की।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की पुस्तिका एक साल बेमिसाल का विमोचन और ग्राम तरला नागल, सहस्त्रधारा मार्ग पर 12.45 हेक्टेयर में 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिटी पार्क (सिटी फारेस्ट) का शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बहुउद्देशीय शिविरों का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में देहरादून के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव पुंडीर, महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा, महापौर ऋषिकेश अनीता ममगाईं के अलावा मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू, सचिव सूचना शैलेश बगोली, डीजीपी अशोक कुमार, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।