देहरादून में मासूमों का यौन शोषण करता था गिटार टीचर, अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा
देहरादून की विशेष पोक्सो अदालत ने गिटार शिक्षक अर्जुन गुप्ता को नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण के आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। विशेष न्यायाधीश पोक्सो कुसुम शानी की अदालत ने गिटार क्लास के दौरान बच्चियों का यौन शोषण करने के दोषी संगीत शिक्षक को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
कोर्ट ने कहा कि यह अपराध बच्चों के शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य, शैक्षिक, नैतिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए भी हानिकारक है।
1.25 लाख रुपये का जुर्माना
अदालत ने दोषी पर 1.25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जो जमा न करने पर छह माह अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
अदालत ने पीड़ित को पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने का भी आदेश दिया है। विशेष लोक अभियोजक अल्पना थापा के अनुसार, एक आठ वर्षीय बच्ची संगीत शिक्षक अर्जुन गुप्ता के घर गिटार सीखने जाती थी। कुछ दिनों से बच्ची क्लास जाने से डरने लगी तो माता-पिता ने उसे विश्वास में लेकर वजह पूछी।
तब बेटी ने बताया कि शिक्षक उससे गंदी हरकतें करता है। शिक्षक ने उसे व अन्य बच्चों को कुछ वीडियो दिखाई थीं, जिसमें वह अन्य बच्चों के साथ गलत हरकतें कर रहा था। वही सब उसके साथ भी किया और मोबाइल से वीडियो बनाई।
तहरीर पर वसंत विहार पुलिस ने 12 जनवरी 2024 को मुकदमा दर्ज उसी दिन आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अभियोजन की ओर से न्यायालय में आठ गवाह और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए।