विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून घरेलू गैस कनेक्शन पर ब्रेक, कंपोजिट सिलेंडर से जलेगा चूल्हा

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:46 PM (IST)

तेल कंपनियों का पोर्टल ठप होने से देहरादून में 1400 से अधिक नए घरेलू गैस कनेक्शन अटक गए हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विरेंद्र कुमार, देहरादून। पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद पैदा हुई आपूर्ति व्यवस्था की दिक्कत का असर अब दून की रसोई तक पहुंचने लगा है। तेल कंपनियों का पोर्टल ठप होने से जिले में घरेलू गैस के 1400 से अधिक नए कनेक्शन अटक गए हैं।

नए कनेक्शन के इंतजार में उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। इस बीच तेल कंपनियों ने तत्काल जरूरत पूरी करने के लिए वैकल्पिक रास्ता निकाला है। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) ने 10 किलोग्राम के कंपोजिट सिलेंडर की सेवा शुरू कर दी है।

कंपोजिट सिलेंडर की बुकिंग घरेलू गैस की तरह आनलाइन की जा सकेगी। कंपनी के अनुसार बुकिंग के करीब चार घंटे के भीतर सिलेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचाने की व्यवस्था है। खास बात यह है कि कंपोजिट सिलेंडर लेने के बाद भी उपभोक्ता भविष्य में नियमित घरेलू गैस कनेक्शन ले सकेंगे। यानी इसे अस्थायी जरूरत का विकल्प माना जा रहा है।

लोहे के सिलेंडर से हल्का, गैस की मात्रा भी दिखेगी

10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है। इसकी बाहरी संरचना कंपोजिट सामग्री से बनी होने के कारण इसमें जंग लगने की समस्या नहीं रहती।

यह भी पढ़ें- ई-केवाईसी नहीं कराई तो गैस भी नहीं, Uttarakhand के हजारों उपभोक्ताओं की बुकिंग पर ब्रेक

पारदर्शी डिजाइन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उपभोक्ता सिलेंडर उठाए बिना ही अंदर बची गैस की मात्रा देख सकता है। नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ता को करीब 4500 से 5000 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। इसमें सिलेंडर, कनेक्शन शुल्क और पहली बार भरी जाने वाली गैस की कीमत शामिल है। आधार और पैन कार्ड के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

70 एजेंसियों में से 63 पर सुविधा

देहरादून जिले में कुल 70 गैस एजेंसियां हैं। इनमें 53 इंडेन, 10 भारत गैस और सात हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियां शामिल हैं। वर्तमान में इंडेन और भारत गैस की सभी एजेंसियों समेत 63 एजेंसियों पर कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। विभाग के अनुसार घरों के अलावा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

इंडेन और भारत गैस की एजेंसियों पर कंपोजिट सिलेंडर की सुविधा उपलब्ध है। इसका इस्तेमाल घरेलू और व्यावसायिक दोनों जरूरतों के लिए किया जा सकता है। - केके अग्रवाल, जिला आपूर्ति अधिकारी