देहरादून मुठभेड़ जांच हरिद्वार ट्रांसफर, फरार बदमाशों के स्केच जारी
देहरादून के प्रेमनगर मुठभेड़ मामले की निष्पक्ष जांच हरिद्वार स्थानांतरित कर दी गई है और फरार बदमाशों के स्केच जारी ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रेमनगर में हुई मुठभेड़ के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने हरिद्वार जिले को स्थानांतरित कर दी है। वहीं सीओ सिटी को विवेचना सौंपी गई है।
एसएसपी की ओर से घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा था, जिसके आधार पर मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया गया है। वहीं फरार चल रहे दो बदमाशों का अब तक पता नहीं लग पाया है, जिसके चलते दोनों को स्कैच जारी किए गए हैं। एसएसपी की ओर से जल्द ही दोनों बदमाशों पर इनाम भी घोषित किया जाएगा।
दूसरी ओर घटना के संबंध में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक मुकदमा पीड़ित ठेकेदार देवराज की शिकायत पर दर्ज किया गया था जबकि दूसरा मुकदमा अब प्रेमनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
दो मुकदमे दर्ज
शिकायत में इंस्पेक्टर राठौर ने बताया कि बुधवार रात को वह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। रात 10:35 बजे कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि पौंधा रोड पर लूटपाट हुई है व एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। सूचना पर वह घटनास्थल पर पहुंचे जहां विश्रांती मोड़ से आगे पौंधा की ओर से एक स्कूटी गिरी हुई थी। स्कूटी के पास ही एक व्यक्ति घायलावस्था में था।
घायल को सरकारी वाहन में बैठाकर नाम पता पूछा गया तो उन्होंने अपना नाम देवराज बताया। कहा कि वह ठेकेदार है और झाझरा में रहता है। ठेकेदारी के दो लाख रुपये लेकर वह अपने घर जा रहे थे कि एक काले रंग की बलेनो कार एकदम विश्रांती मोड़ के पास उनकी स्कूटी के आगे खड़ी हुई तो वह रूक गए। तभी एकदम कार में से तीन लोग नीचे उतरे और उन्होंने छीनाझपटी शुरू कर दी।
वह स्कूटी सहित नीचे गिर गए और बदमाशों ने उनका बैग छीना और गोली मार दी। इसके बाद तीनों बदमाश कार से फरार हो गए। बदमाशों को पकड़ने के लिए उन्होंने पीछा किया तो कुछ दूरी पर ही एक काले रंग की कार आगे से जाती हुई दिखाई दी। उनके वाहन को देखकर बदमाशों ने कार दौड़ा दी। कार की पहचान देवराज ने की।
पुलिस के वाहन को देखकर बदमाशों ने कार दौड़ाई जोकि कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार से अचानक तीन बदमाश उतरे और जंगल की तरफ भागने लगे। बदमाशों का पैदल ही पीछा गया तो उन्होंने फायर झोंक दिया। बदमाशों को चेतावनी दी गई लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
बदमाशों की एक गोली उनके दाहिने बाजू पर लग गई जबकि दूसरी गोली उनके करीब से होकर गुजरी। वह आगे बढ़े तो कुछ दूरी पर गोली लगने से घायलावस्था में एक बदमाश पड़ा था। वहीं जमीन पर एक पिस्टल पड़ी थी। उन्होंने सिटी कंट्रोल को घटना के बारे में सूचना देते हुए अन्य पुलिस बल व एफएसएल टीम व 108 एंबुलेंस को घटनास्थल पर बुलाया। गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, घायल देवराज व उन्हें भी प्रेमनगर चिकित्सालय में दाखिल कराया गया।
मुठभेड़ की निष्पक्ष जांच के लिए मामला हरिद्वार जिले में ट्रांसफर किया गया है। वहीं, घटना की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। फरार चल रहे बदमाशों पर जल्द ही इनाम घोषित किया जाएगा। - राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र
यह भी पढ़ें- देहरादून में पुलिस ने युवक पर बरसाई लाठियां, वीडियो वायरल होने पर दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
यह भी पढ़ें- देहरादून के राजपुर रोड पर तेज रफ्तार का कहर, नशे में धुत चालक ने होमगार्ड को मारी टक्कर
