विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देहरादून : डी-फार्मा की छात्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या, हरिद्वार के ज्वालापुर की थी छात्रा; आरोपित फरार

By Sunil NegiEdited By:
Published: Thu, 03 Mar 2022 06:02 PM (GMT+05:30)

Dehradun Crime News देहरादून में सहस्रधारा रोड पर निजी कालेज की छात्रा को सरेराह कालेज के बाहर गोली मारने का ...और पढ़ें

देहरादून में एक युवक ने कालेज के बाहर छात्रा को मारी गोली, मौत
देहरादून में एक युवक ने कालेज के बाहर छात्रा को मारी गोली, मौत

जागरण संवाददाता, देहरादून: सहस्रधारा रोड स्थित सिद्धार्थ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन के बाहर छात्रा की उसके साथ पढऩे वाले छात्र ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वह छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास कर रहा था, इन्कार करने पर आरोपित ने घटना को अंजाम दिया। आरोपित बाइक व कट्टा घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर हालत में छात्रा को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले को एक तरफा प्यार से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि हत्या की असल वजह के बारे में पुलिस अभी जानकारी नहीं दे रही है। छात्रा के स्वजन से भी जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है।

हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित द्वारिका विहार निवासी 20 वर्षीय वंशिका बंसल देहरादून में डी-फार्मा की पढ़ाई कर रही थी और कालेज के हास्टल में रहती थी। वंशिका की क्लास में सुंदरवाला, रायपुर निवासी आरोपित आदित्य तोमर (मूल निवासी ग्राम खेड़की, शामली) भी पढ़ता है। गुुरुवार शाम को वंशिका कुछ सामान लेने के लिए अपनी सहेली के साथ कालेज के बाहर एक जनरल स्टोर पर जा रही थी। इसी दौरान आरोपित आदित्य बाइक से पहुंचा और वंशिका को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगा। वंशिका ने जब इन्कार किया तो आरोपित ने जेब से कट्टा निकाला और वंशिका के सिर से सटाकर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपित बाइक व कट्टा मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शहर सरिता डोबाल व पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने मौके पर पहुंचे। वहीं, रायपुर थाना पुलिस ने बाइक व कट्टे को कब्जे में ले लिया।

दूसरी ओर मृतका के स्वजन हरिद्वार से देहरादून पहुंचे और कालेज प्रबंधन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। इस दौरान कोरोनेशन अस्पताल में उनके बीच हाथापाई भी हुई। डालनवाला कोतवाली निरीक्षक एनके भट्ट कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और मामले को शांत कराया।

यह भी पढ़ें- Roorkee Crime : घर के लाक ठीक करने आए युवकों ने ही लाकर से उड़ाये लाखों के जेवरात, सकते में परिवार