यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Roorkee Crime : घर के लाक ठीक करने आए युवकों ने ही लाकर से उड़ाये लाखों के जेवरात, सकते में परिवार
Roorkee Crime News एक मकान में लाक ठीक करने आये दो युवक लाकर से लाखों के जेवरात लेकर गायब हो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुड़की। रुड़की में एक घर में लाक ठीक करने आए युवकों ने लाकर में रखे लाखों के जेवरात पर ही हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
सोलानीपुरम कालोनी स्थित एक मकान में लाक ठीक करने आये दो युवक लाकर से लाखों के जेवरात लेकर गायब हो गए। दोनों युवक कालोनी के एक सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम निवासी विनय मेहता ने मंगलवार को दो युवकों को अपने मकान का लाक ठीक करने के लिए बुलाया था। दोनों युवकों ने सभी कमरों के लाक ठीक किए। इसके बाद वह आलमारी के लाक ठीक करने लगे। दोनों युवकों ने मौका पाकर आलमारी का लाकर खोल लिया। युवकों ने आलमारी के लाकर से एक सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, छह सोने की अंगूठी और कान के छह कुंडल चोरी कर लिये। इसके बाद माल समेटकर आरोपित वहां से निकल गए।
कुछ देर बाद जब विनय मेहता की नजर खुले हुए लाकर पर गई तो उनके होश उड़ गये। उन्होंने दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में पीड़ित ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। वहीं दोनों आरोपितों की फुटेज कालोनी के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि पुलिस को मामले में तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के माल समेत पकड़ा
वहीं जौरासी गांव स्थित एक ईंट-भट्टे पर चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि लक्सर के सुल्लानपुर निवासी रमजानी ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि बिरला भट्टा पर काम करने वाले कर्मचारियों के कमरे से चोरों ने सामान चोरी कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। पुलिस ने इस मामले में छोटा निवासी बिकवाली, थाना आवला, जिला बरेली, उप्र को ढंडेरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक जोड़ी पायल, कान के बुंदे, लॉकेट, बिछुआ और कंगन बरामद हुए हैं।
