देहरादून पार्षद के घर चोरी में बड़े गिरोह का हाथ, नौकर भरत थापा पूर्व में भी जा चुका है जेल
पार्षद अमिता सिंह के देहरादून स्थित घर में लाखों की चोरी का खुलासा हुआ है, जिसमें घरेलू नौकर भरत थापा ...और पढ़ें
-1790874906594_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। वसंत विहार में पार्षद अमिता सिंह के हुई लाखों की चोरी के मामले में बड़े गिरोह का हाथ सामने आ रहा है। गिरोह में पुरुष व महिलाएं शामिल होने की बात सामने आ रही है, जोकि देश के विभिन्न राज्यों में फैले हैं।
पुलिस ने नेपाल सीमा से लेकर दिल्ली तक टीमें भेज दी हैं। कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली दिल्ली की कंपनी भी पुलिस की रडार पर है। वसंत विहार थाना पुलिस ने नौकर भरत थापा व दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि भरत थापा वर्ष 2021 में डकैती के मामले में दिल्ली से जेल जा चुका है। इसके बावजूद भी दिल्ली की कंपनी ने उसे घर पर काम करने के लिए भेजा। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
वहीं नेपाल सीमा पर सुरक्षाबल को अलर्ट किया गया है। सुरक्षाबल को आरोपितों की फोटो भेजी गई है। पुलिस की मानें तो पार्षद अमिता सिंह ने नौकर का सत्यापन भी नहीं कराया था, इससे पुलिस को आरोपित तक पहुंचने में दिक्कतें सामने आ रही हैं।
पुलिस को दी तहरीर में महिपाल सिंह निवासी राज मार्केट बल्लीवाला चौक ने बताया कि उन्होंने भरत थापा नाम का एक नौकर लगभग एक माह पहले घर के काम के लिए रखा था। उसे दिल्ली की एक कंपनी के संजीव नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था।
मंगलवार रात नौकर ने उन्हें खाना खिलाया और खाने के कुछ देर बाद पूरा परिवार गहरी नींद में सो गए। देर रात घर के अंदर खटपट की आवाज से उनकी नींद खुली तो नौकर के साथ दो और लोग दिखे।
जब उन्होंने नौकर से पूछा तो उसने कहा कि सो जाओ, वह काम कर रहा है। कुछ देर बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। जब उन्होंने घर चेक किया था तो घर का लाकर टूटा हुआ मिला जिसमें सोने के जेवर व नकदी गायब थी।
पार्षद अमिता सिंह का हालचाल पूछने गए कांग्रेस पदाधिकारी
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना पार्षद अमिता सिंह के बल्लीवाला चौक स्थित आवास पर पहुंचे और उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना। धस्माना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंदर सिंह डोबाल से वार्ता कर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़ें- देहरादून भाजपा पार्षद लूट: रात 10 बजे खाया खाना, फिर सभी को छाने लगी बेहोशी... नींद टूटी तो उड़ गए होश
साथ ही उन्होंने वसंत विहार के थानाध्यक्ष से भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि पुलिस हर हाल में अपराधियों को गिरफ्तार कर इस केस का शीघ्र अनावरण करेगी।
धस्माना ने कहा कि राजधानी में लगातार बढ़ रही इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और पुलिस को घरेलू नौकरों को रखने वाली एजेंसियों का भी सत्यापन करना चाहिए।
