विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

20 दिन पहले घर आया नया नौकर... भाजपा पार्षद के परिवार को किया बेहोश, देहरादून में लाखों के गहने लेकर फुर्र

Published: Wed, 30 Sep 2026 11:01 AM (IST)Updated: Wed, 30 Sep 2026 12:26 PM (IST)

देहरादून में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर घरेलू सहायक ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर दिया।

HighLights

  1. भाजपा पार्षद के परिवार को खाने में नशीला पदार्थ दिया

  2. घरेलू सहायक लाखों के सोने के आभूषण लेकर फरार हुआ

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की

जागरण संवाददाता, देहरादून। देहरादून में भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश करने और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पार्षद अमिता सिंह को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास रहने वाली भाजपा पार्षद अमिता सिंह की बेटी मेघ ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था।

भोजन में मिलाया नशीला पदार्थ 

आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान आरोपित घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को होश आने पर घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें- 'पुराने बर्तन के बदले गहने और 1 लाख कैश...', कैथल में झांसे में आईं 7 महिलाएं; बेहोश करके लाखों का आभूषण लेकर फरार

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपित और उसके संभावित साथियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घरेलू सहायक की पहचान और उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

पहले भरोसा जीता, फिर वारदात का आरोप

करीब 20 दिन पहले ही घर में काम पर रखे गए घरेलू सहायक पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या मौके का फायदा उठाकर अंजाम दी गई। साथ ही फरार आरोपित के साथियों और चोरी किए गए आभूषणों के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बंद घर का दरवाजा तोड़कर सवा दो लाख रुपये नकदी चोरी, आभूषण लेकर फरार हुए लुटेरे