दिल्ली की एजेंसी से देहरादून आया नौकर, 20 दिन में जीता भरोसा... मचाई लूट और हुआ रफूचक्कर
देहरादून में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर 20 दिन पहले रखे गए घरेलू सहायक ने परिवार को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया।
HighLights
घरेलू सहायक ने भाजपा पार्षद के परिवार को बेहोश किया
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर लाखों की लूट को अंजाम दिया
दिल्ली एजेंसी से आया नौकर 20 दिन पहले रखा गया
जागरण संवाददाता, देहरादून। दिल्ली की एक एजेंसी के जरिये महज 20 दिन पहले घर में रखा गया घरेलू सहायक ही भाजपा पार्षद के परिवार को बेहोश कर लूटने की साजिश का मास्टरमाइंड निकला।
वसंत विहार क्षेत्र के बल्लीवाला स्थित नाथ वाटिका में वार्ड-36 विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर काम करने वाले नेपाली मूल के भरत थापा ने मंगलवार रात खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया।
पार्षद, उनके पति महिपाल व बेटे शुभम के बेहोश होते ही उसने अपने चार साथियों को घर में बुलाया और लाखों रुपये के सोने के आभूषण व नकदी समेटकर फरार हो गया।
पुलिस महकमे में भी हड़कंप
वारदात के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पार्षद और उनके पति व बेटे को देर रात बेहोशी की हालत में सिनर्जी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद पति और बेटे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि पार्षद अमिता सिंह को चिकित्सकों ने निगरानी में भर्ती रखा है।
यह भी पढ़ें- 20 दिन पहले घर आया नया नौकर... भाजपा पार्षद के परिवार को किया बेहोश, देहरादून में लाखों के गहने लेकर फुर्र
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा है। पुलिस ने आरोपित नौकर भरत थापा समेत अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में टीमें लगा दी हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भरत ने परिवार के लिए खाना तैयार किया।
रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच पार्षद, उनके पति और बेटे ने खाना खाया। कुछ ही देर बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। इसके बाद भरत ने अपने चार साथियों को घर में बुलाया। परिवार के सदस्य बेसुध पड़े रहे और आरोपित घर से आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।
रात करीब पौने एक बजे परिवार को जब होश आया तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और घरेलू सहायक गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि घरेलू सहायक भरत थापा ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
बेटी ने दिल्ली की एजेंसी से कराया था नौकर का सत्यापन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्षद अमिता सिंह की बेटी दिल्ली में रहती हैं। करीब 20 दिन पहले उन्होंने दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से भरत थापा को घरेलू काम के लिए रखा था।
एजेंसी के जरिये घर पहुंचे भरत ने 20 दिन तक परिवार के साथ रहकर खाना बनाने समेत घरेलू काम किया और धीरे-धीरे उनका भरोसा जीत लिया। पुलिस अब एजेंसी से नौकर की भर्ती, उसके दस्तावेज और पते से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
भरोसे की आड़ में रची पूरी साजिश
पुलिस को आशंका है कि वारदात अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से की गई। नौकर ने पहले परिवार का भरोसा हासिल किया और फिर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर तीनों को बेहोश किया। इसके बाद साथियों को बुलाकर घर में लूटपाट की गई।
पुलिस सीसीटीवी के साथ आरोपितों के मोबाइल नंबर, आवाजाही और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपितों को घर में रखे आभूषण और नकदी की जानकारी कैसे मिली।
अस्पताल में भर्ती पार्षद, पति-बेटे की हालत सामान्य
नशीला पदार्थ खाने के बाद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल और बेटे शुभम की हालत बिगड़ गई थी। तीनों को रात में सिनर्जी अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद पति और बेटे की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि पार्षद को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
