विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी का पत्रकार देहरादून में गिरफ्तार, पंजाब-ओडिशा और एमपी में भी मामले दर्ज; डायरी काटकर बनाता था वीडियाे 

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:21 PM (GMT+05:30)

देहरादून पुलिस ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी से झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले कथित पत्रकार अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कथित पत्रकार ने प्रॉपर्टी कारोबारी से रंगदारी मांगी।

  2. अनुज अग्रवाल पर कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज।

  3. मोबाइल छिपाने के लिए डायरी का उपयोग करता था।

जागरण संवाददाता, देहरादून। खुद को न्यूज प्लेटफार्म का संचालक बताकर प्रॉपर्टी कारोबारी को झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपित कथित पत्रकार को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान द्वारिका पुरी क्लेमेनटाउन निवासी अनुज अग्रवाल मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने कारोबारी को डराकर 50 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा कराए थे। अनुज पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह है पूरा मामला

पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के मुताबिक आजाद कालोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप काल कर खुद को न्यूज प्लेटफार्म का संचालक बताया। उसने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें प्रसारित कर कारोबारी को बर्बाद करने की धमकी दी और खबरें रोकने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे। डर के कारण पीड़ित ने आरोपित के बताए एक्सिस बैंक के खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए।

इसके बाद भी आरोपित ने बाकी रकम न देने पर गाली-गलौज और धमकी दी। पटेलनगर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया और आइएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई।

डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए बनाई थी जगह

पुलिस के मुताबिक आरोपित ने डायरी में पन्ने काटकर मोबाइल छिपाने के लिए जगह बनाई थी। इसके माध्यम से वह लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था। उसके मोबाइल फोन से कई लोगों के वीडियो मिले हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है। आरोपित के खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, गैंग्स्टर और गुंडा एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

इसके अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब और ओडिशा में एक-एक तथा गुजरात में भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित राज्यों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- न्यायाधीशों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले को सुप्रीम कोर्ट का अवमानना नोटिस

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस से शिकायत, गर्भवती पत्रकार ने की FIR मांग; हाथ खींचकर गिराने आरोप