ई-20 की ‘मिसिंग’ दूर कर रहा 10 रुपये वाला इलाज, बढ़ी डिमांड
देहरादून में ई-20 पेट्रोल से परेशान वाहन चालकों के लिए 10 रुपये का AION-P एडिटिव राहत लेकर आया है। यह ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई जनरेटेड है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अंकुर अग्रवाल, जागरण देहरादून। एथेनालयुक्त ई-20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों की बढ़ती चिंता के बीच 10 रुपये का एक छोटा पैकेट राहत की नई उम्मीद बनकर सामने आया है। पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को पांच लीटर पेट्रोल में पांच एमएल एआइओएन-पी पेट्रोल एडिटिव मिलाने की सलाह दी जा रही है।
खासकर इंजन में मिसिंग, आवाज और माइलेज की शिकायत लेकर पहुंच रहे वाहन चालकों के बीच इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। जिन लोगों ने इसे आजमाया, उनमें कई का कहना है कि इंजन की मिसिंग कम हुई, गाड़ी पहले की अपेक्षा स्मूथ चली और गाड़ी का पिकअप भी बेहतर हुआ है।
पांच एमएल के इस पैकेट की कीमत सिर्फ 10 रुपये है। यानी पांच लीटर पेट्रोल में मिलाने पर अतिरिक्त खर्च महज दो रुपये प्रति लीटर। पैकेट पर इसे सभी पेट्रोल इंजनों के लिए मल्टीफंक्शनल एडिटिव बताया गया है।
इसके इस्तेमाल से ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी, स्मूथ ड्राइविंग व इंजेक्टर, वाल्व व कम्बशन चैंबर में कार्बन जमाव कम करने का दावा किया गया है।
फिलहाल तस्वीर यह है कि महंगे पेट्रोल के दौर में दो रुपये प्रति लीटर के अतिरिक्त खर्च वाला यह छोटा-सा पैकेट वाहन चालकों को बड़ा भरोसा दे रहा है। कार का फुल टैंक कराने पर उसमें मिलाने के लिए एडिटिव का 200 रुपये की शीशी आ रही।
पंप से शुरू हुई ‘छोटी डोज’ की चर्चा
दिलचस्प यह है कि इस एडिटिव की चर्चा किसी बड़े प्रचार अभियान से नहीं, बल्कि पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को दी जा रही सलाह से बढ़ी है।
मिसिंग या कम माइलेज की शिकायत लेकर आने वाले ग्राहकों को कई जगह इसे आजमाने के लिए कहा जा रहा है। इसके बाद वाहन चालकों के अनुभवों ने इसकी चर्चा को और हवा दी है।
फ्रांस की कंपनी ने बनाया है एडिटिव
पैकेट पर मार्केटेड बाय इंडियन आयल अंकित है। निर्माणकर्ता के तौर पर फ्रांस की टोटल एनर्जीस और आयात एवं पैकिंगकर्ता के रूप में नियो पेलकान इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का उल्लेख है। हालांकि, माइलेज बढ़ने या मिसिंग दूर होने का दावा फिलहाल कंपनी के दावों और उपभोक्ताओं के अनुभवों तक सीमित है।
दून में असर बड़ा, क्योंकि वाहन भी लाखों
देहरादून में इसका संभावित असर छोटा नहीं है। दून में 10 लाख से अधिक वाहन पंजीकृत हैं और जिले में 167 पेट्रोल पंप संचालित हैं। ऐसे में पांच लीटर पेट्रोल पर 10 रुपये में मिलने वाला यह एडिटिव बड़ी संख्या में वाहन चालकों तक पहुंच सकता है।
पुराने वाहन में स्पार्क प्लग, इंजेक्टर, काइल, एयर फिल्टर या इंजन ट्यूनिंग की समस्या को एडिटिव काफी हद तक दूर कर सकता है। इसका उपयोग करने से गाड़ी के माइलेज व पिकअप पर भी बेहतर असर देखा गया है।यह इंजन में जमा होने वाले कचरे को भी साफ करता है।
केके गुप्ता, तेल कंपनियों के राज्य समन्वयक
