यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Deepawali 2021: दीपावली की रात इमरजेंसी में तैनात रहेंगे चिकित्सक, सभी विभागों को आदेश जारी
Deepawali 2021 दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में सभी विभागों के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। चिकित्सा अधीक्षक डा. केसी पंत ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Deepawali 2021 दीपावली की रात दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में सभी विभागों के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। चिकित्सा अधीक्षक डा. केसी पंत ने दिवाली पर एहतियात के तौर पर हड्डी, नेत्र, सर्जरी के चिकित्सकों समेत फिजीशियन की रात आठ से 12 बजे तक ड्यूटी लगाई है। सभी विभागों के विभागाध्यक्ष को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। वहीं, रेडियोलाजी और पैथोलाजी लैब भी खुले रहेंगे। रेडियोलाजिस्ट और पैथोलाजिस्ट को भी रात में ड्यूटी पर तैनात रहने के लिए कहा गया है।
आपातकालीन सेवा 108 भी मुस्तैद
आपातकालीन सेवा 108 ने अतिरिक्त तैयारी की है। जीएम प्रोजेक्ट अनिल शर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में तैनात समस्त 272 एंबुलेंस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिवाली पर एंबुलेंस जाम में न फंसे इसके लिए तकनीकी परीक्षण किया गया है। देहरादून जिले में सर्वे चौक, घंटाघर, जाखन, रायपुर, बल्लूपुर चौक, प्रेमनगर, विधानसभा, रेसकोर्स में मुख्य चौराहे पर एंबुलेंस की तैनाती की गई है। एंबुलेंस और काल सेंटर टीम के सदस्य दिवाली पर पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे।
केंद्रीय काल सेंटर में अन्य दिनों की अपेक्षा अतिरिक्त तकनीकी स्टाफ तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में एंबुलेंस तुरंत रवाना की जा सके। प्रदेशभर में मोबाइल टीम का भी गठन किया गया है। इसके अलावा खुशियों की सवारी को भी अलर्ट मोड पर रखा है, जिससे गर्भवती महिलाओं व प्रसूता को किसी तरह की दिक्कत न हो।
नर्सों को नंदा देवी सेवा सम्मान से नवाजा
राज्य की कोरोना सेनानी नर्सों को नंदा देवी सेवा सम्मान से अलंकृत किया गया है। राज्यसभा के पूर्व सदस्य तरुण विजय की पहल पर उनकी मां विद्यामाता राजरानी की पुण्यतिथि पर आयोजित सम्मान समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत और टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने प्रदेश की 15 नर्सों को सम्मानित किया। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और घर-घर जाकर कोविड टीकाकरण की जानकारी दी। सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने विद्यामाता राजरानी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नर्सों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य तरुण विजय ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में प्रदेश संपूर्ण देश में श्रेष्ठ और गरीबों तक पहुंचने वाली स्वास्थ्य सेवाओं वाला राज्य बना है। समारोह में कई नर्स पुरस्कार लेते हुए भावुक हो गईं। प्रत्येक जिला अस्पताल से इन कोरोना सेनानियों का चयन एक लंबी प्रक्रिया के तहत स्वास्थ्य महानिदेशालय और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग से किया गया था। इस दौरान स्वास्थ्य महानिदेशक डा. तृप्ति बहुगुणा और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल भी उपस्थित रहे।
