सावन के दूसरे सोमवार को नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
सावन मास के दूसरे सोमवार को पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में इस मौके पर भारी भीड़ उमड़ी।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश:
सावन मास के दूसरे सोमवार को पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में इस मौके पर भारी भीड़ उमड़ी। लक्ष्मण झूला पुलिस ने शारीरिक दूरी का उल्लंघन और मास्क ना पहनने पर 323 व्यक्तियों का चालन किया।
सावन मास के दूसरे सोमवार को
नीलकंठ महादेव मंदिर सहित पौराणिक वीरभद्र महादेव, चंद्रेश्वर महादेव और सोमेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। नीलकंठ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। हालांकि शासन की ओर से कावड़ यात्रा पर रोक लगाई गई है। लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर कोई मानक यहां लागू नहीं किया गया है। मंदिर और आसपास क्षेत्र में भीड़ के बीच शारीरिक दूरी का उल्लंघन भी होता रहा। प्रशासन की ओर से भीड़ को देखते हुए यहां पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती नहीं की गई है। रूटीन फोर्स के भरोसे ही सारी व्यवस्था चल रही है। पुलिस ने शारीरिक दूरी का उल्लंघन और मास्क ना पहनने पर कुल 323 व्यक्तियों का चालान किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि शारीरिक दूरी के उल्लंघन में 309 और मास्क ना पहनने पर 14 व्यक्तियों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक क्षेत्र में धुमपान करने वाले तीन और गंदगी फैलाने पर छह व्यक्तियों का चालान किया गया।
-----------------
विधानसभा अध्यक्ष ने किया दुग्धाभिषेक
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सपरिवार ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना कर प्रदेश वासियों के स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान द्वारा प्रसाद के रूप में खीर का वितरण भी किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने वीरभद्र महादेव मंदिर में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया।