यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड में दोहरी चुनौती, Covid के साथ बढ़ रहे डेंगू के मामले; मिले कोरोना के सात नए केस
देहरादून और ऋषिकेश में कोरोना के सात और डेंगू के चार नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के सभी मरीज ...और पढ़ें

HighLights
- सात कोरोना मामले दून व ऋषिकेश में |
- डेंगू के भी चार नए मरीज मिले |
- स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता |
जागरण संवाददाता, देहरादून। स्वास्थ्य विभाग के सामने कोरोना के साथ-साथ डेंगू की दोहरी चुनौती उभरकर सामने आ रही है। शुक्रवार को कोरोना के सात नए मामले सामने आए हैं, जबकि डेंगू के भी चार नए मरीज मिले हैं।
कोरोना के नए मामलों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सहसपुर से एक, जबकि ऋषिकेश और रायपुर से तीन-तीन मामले रिपोर्ट हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और वे होम आइसोलेशन में रहकर इलाज ले रहे हैं।
अब तक देहरादून जिले में कोरोना के कुल 30 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 22 देहरादून के हैं, एक हरिद्वार से है और सात मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। इसी बीच डेंगू के भी मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को डेंगू के चार नए मामले सामने आए, जिनमें तीन मरीज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और एक ग्राफिक एरा अस्पताल में रिपोर्ट हुए हैं।
जिले में अब तक डेंगू के कुल 84 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 49 मरीज देहरादून के हैं और 35 अन्य जिलों या राज्यों से संबंधित हैं। इनमें से 74 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 मरीजों का इलाज चल रहा है। इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम सतर्कता बनाए हुए है और दोनों बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
