प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले जनाधार बढ़ाकर लें सकते हैं हार का बदला
कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव के लिए पार्टी पक्ष में माहौल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया।
देहरादून, जेएनएन। नगर के एक वेडिंग प्वाइंट में विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव के लिए पार्टी पक्ष में माहौल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया।
लोकसभा चुनाव के बाद मायूस हुए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को विकासनगर विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन नगर में आयोजित किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा देश में कई बार इस प्रकार की परिस्थितियां आ चुकी हैं, जब बड़ी-बड़ी पार्टियां चुनाव हारी हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं और संगठन की सूझबूझ से पार्टियां दोबारा से सत्ता में लौटी हैं। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर तमाम परिस्थितियों का मुकाबला करना है।
सरकार की जन विरोधी नीतियों को जनता के सामने लाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने कहा कांग्रेस के सामने प्रदेश का पंचायत चुनाव है, जिसमें वो अपना जनाधार बढ़ाकर हार का बदला भाजपा से ले सकते हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन में अपने भाषण में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपना रवैया बदलने की बात कही। उन्होंने कहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मुकाबला किसी पार्टी से नहीं, बल्कि देश के एक बड़े फासीवादी संगठन से है। इसलिए कार्यकर्ताओं को उनकी तरह ही जवाब देने का रवैया अपनाना पड़ेगा, तभी हालात कुछ बदल सकते हैं। पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों, नेताओं को अपने पुरानी कार्यशैली में परिर्वतन लाने की सलाह दी।
सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र जैन, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संजय जैन, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, कुंवरपाल, नरेंद्र बिष्ट, शम्मी प्रकाश, विपुल जैन, कुसुम कौशल, उर्मिला गौतम, जगत सिंह, शशि चौहान, मोहम्मद खालिद गुडडु, आशीष पुंडीर, अब्दुल खालिक, दिनेश, सरदार सिंह, कितेश जायसवाल, मुनीर अहमद, अनुपम कपिल, संसार सिंह, भास्कर चुग, मोहम्मद सलीम, साबिर कुरैशी, जमशेद अली, बॉबी नौटियाल आदि मौजूद रहे।
इस्तीफे पर दिया गोलमोल जवाब
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह अपने इस्तीफे संबंधी मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल को टाल गए। उन्होंने हरिद्वार के एक कांग्रेसी कार्यकर्ता द्वारा इस्तीफा दिए जाने की मांग करने के बारे में कहा कुछ लोग पार्टी में ऐसे भी होते हैं, जो इस प्रकार की बातें करते रहते हैं। सवाल इस्तीफे का नहीं है, बल्कि सवाल पार्टी के संगठन को मजबूत करने का है। जिस पर उन्होंने काम शुरू कर दिया है। अभी वे कुमांऊ के दौरे पर जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त दो नगर निकायों के चुनाव भी हाल के दिनों में ही संपन्न होने हैं। इसके अलावा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए उन्हें जो कार्य सौंपे गए हैं, वह उन्हें को पूरा कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।