उत्तराखंड: कांग्रेस महिला-दलित उत्पीड़न मुद्दे पर ब्लॉक स्तर तक करेगी संघर्ष, 16 से शुरू होगा दौरा
कांग्रेस अब जिलों और ब्लॉक स्तर पर जन समस्याओं के साथ ही महिला और दलित उत्पीड़न के मामलों को उठाएगी। निचले स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के लिए खुद प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस अब जिलों और ब्लॉक स्तर पर जन समस्याओं के साथ ही महिला और दलित उत्पीड़न के मामलों को उठाएगी। निचले स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के लिए खुद प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस कड़ी में उनका गढ़वाल मंडल दौरा 16 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। कांग्रेस मिशन 2022 की तैयारी तेज कर चुकी है।
भाजपा से कड़े मुकाबले को देखते हुए पार्टी पूरा जोर निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर में लगा रही है। बीते दिनों देहरादून आए प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने इस बारे में पार्टी हाईकमान का संदेश साफ तौर पर दे दिया था। नेताओं के जनाधार के साथ संगठन की सक्रियता को भी बढ़ाया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर ही पार्टी विधानसभावार प्रभारियों की तैनाती करने जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विधानसभा प्रभारियों पर ब्लॉकों और तहसील स्तर तक पार्टी की गतिविधियों में तेजी लाने का जिम्मा होगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर जन समस्याओं और मुद्दों को चिह्नित करने का जिम्मा उन्हें सौंपा जाएगा। ब्लॉक इकाइयां भी इस काम में शिद्दत से जुटेंगी। प्रदेश से लेकर ब्लॉक व तहसील स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दौरे तय किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर टिप्पणी से भाजपाई आहत, पढ़िए पूरी खबर
प्रीतम सिंह ने बताया कि वह खुद 16 नवंबर से 19 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के दौरे पर जा रहे हैं। इसकी शुरुआत कोटद्वार से होगी। वहां से पौड़ी, श्रीनगर समेत विभिन्न स्थानों पर होते वही बदरीनाथ तक जाएंगे। भ्रमण के दौरान जिला इकाइयों के साथ ही ब्लॉक और तहसील स्तर पर पार्टी कार्यकर्त्ताओं से मुलाकात के साथ ही उन्हें पार्टी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत बोले अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर प्रहार