महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, केंद्र और राज्य सरकार पर लगाए आरोप
दून महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर बाजार में बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रेमनगर चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर बाजार में बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रेमनगर चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम बेतहाशा बढ़ते जा रहे हैं। भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार महंगाई पर काबू पाने में असफल साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आज रसोई गैस सिलिंडर पर सब्सिडी घटकर मात्र 16 रुपये रह गई है। वैश्विक महामारी कोरोना के समय देश में लाखों लोग को अपने रोजगार से हाथ धोने पड़े, उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में महंगाई बढ़ाना घोर अन्याय है। इस दौरान डॉ. प्रदीप जोशी, जगदीश धीमान, संग्राम सिंह पुंडीर, राजीव पुंज, अनिल ग्रोवर, आनंद बहुगुणा, मंजू चौधरी, तरुण चक्रवर्ती, साकेत लूथरा, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
रायपुर कांग्रेस ने पदयात्रा निकाली
रायपुर ब्लॉक कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में तपोवन रोड स्थित पीआरडी ग्राउंड से रायपुर बाजार तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी। रायपुर ब्लॉक के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल पंवार के नेतृत्व में पदयात्रा का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी ने कहा कि महंगाई से जनता त्रस्त है। स्थिति सरकार के हाथ से निकलती जा रही है।
कांग्रेस नेता महेश जोशी ने कहा कि जनता से झूठे वायदे कर सत्ता में आई भाजपा जनहित के हर मुद्दे पर नाकाम साबित हुई है। आर्थिक तंगी से जूझ रही प्रदेश की जनता पर महंगाई के चाबुक से प्रहार किया जा रहा है। पदयात्रा में महानगर उपाध्यक्ष मुकेश रेगमी, महानगर महामंत्री रिपुदमन, युवा गढ़वाल मंडल अध्यक्ष नीरज सिंह भंडारी, प्रदेश सचिव परिणीता डोभाल बडोनी, प्रदेश सचिव प्रवीण त्यागी, जिला महामंत्री रघुवीर सिंह राणा, आनंद सिंह रावत, सुरेश सेंदरी, तुषार पाल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- फिर देखने को मिल सकता है डबल इंजन का दम, नीति आयोग उपाध्यक्ष 27 को सीएम से करेंगे मुलाकात
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें