रंग लाया कृष्णानगर वासियों का संघर्ष, पेयजल योजना मंजूर
जागरण संवाददाता ऋषिकेश आइडीपीएल से सटी कृष्णा नगर कॉलोनी वासियों का संघर्ष रंग लाया है। पानी के लिए स्थानीय नागरिकों के आंदोलन करने के बाद अब प्रदेश सरकार ने पेयजल योजना की स्वीकृति को मंजूरी दी है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
आइडीपीएल से सटी कृष्णा नगर कॉलोनी वासियों का संघर्ष रंग लाया है। पानी के लिए स्थानीय नागरिकों के आंदोलन करने के बाद अब प्रदेश सरकार ने पेयजल योजना की स्वीकृति को मंजूरी दी है। इस योजना से कॉलोनी के सभी 800 परिवारों की लगभग 4314 आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा।
कृष्णानगर क्षेत्र को अब तक ग्रामसभा या निकाय का दर्जा प्राप्त नहीं है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने का प्रस्ताव महापौर अनीता ममगाई ने रखा था। जिसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी दे कर शासन को भेज दिया गया। नगर निगम की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस संबंध में घोषणा भी की थी। यहां की पेयजल व्यवस्था हैंडपंप पर आश्रित है। उनकी संख्या भी प्रयाप्त नहीं है। स्थायी पेयजल योजना के लिए जन कल्याण समिति के बैनर तले नागरिकों ने आंदोलन शुरू किया। जल संस्थान कार्यालय के समक्ष लंबे समय तक धरना प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री के द्वारा यहां के लिए पेयजल योजना को मंजूरी दे दी गई है। मंगलवार की दोपहर कृष्णा नगर कॉलोनी वासी बड़ी संख्या में कृष्णानगर जन कल्याण समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. बीएन तिवारी के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचे। जहां क्षेत्र के लिए योजना की स्वीकृति में प्रयास करने के लिए महापौर अनीता ममगाईं का अभिनंदन किया गया। महापौर ने कहा कि पेयजल समस्या को लेकर जब जब मुख्यमंत्री से मिली तो उन्होंने समस्या का संज्ञान लेने का आश्वासन दिया था। करीब साढे तीन करोड़ की योजना के लिए मुख्यमंत्री द्वारा प्रथम चरण में एक करोड़ नौ लाख रुपये रिलीज भी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा क्षेत्रवासियों की सीवर की समस्या का निस्तारण भी नमामि गंगे योजना के तहत कराया जाएगा। इस दौरान पार्षद विजय बडोनी, पार्षद बिजेंद्र मोगा, पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, राम बृक्ष तिवारी, गुलाब वर्मा, अशोक बेलवाल, खुशाल सिंह, लक्ष्मी देवी, विभा मौर्य, अक्षय कुमार तिवारी, सुधा सिघाई, रामकेवल दयाशंकर मौजूद रहे।
पेयजल योजना के लिए विधानसभा अध्यक्ष का जताया आभार
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णा नगर कॉलोनी के लिए पेयजल योजना के लिए 366.23 लाख रुपये एजुकेटिव फाइनेंस कमेटी द्वारा अनुमोदित किए जाने पर कृष्णा नगर कॉलोनीवासियों ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा है कि इस योजना जिसके लिए वह लंबे समय से प्रयासरत थे। योजना के अंतर्गत कृष्णा नगर क्षेत्र के लिए एक नलकूप, वाटर ट्रीटमेंट कार्य, एक हैंड पंप हाउस, 400 किली का एक ओवरहेड टैंक तथा राइजिग मेन के कार्य शीघ्र किए जाएंगे। सुंदरी कंडवाल के संचालन में चले कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविद चौधरी, सदानंद यादव आदि मौजूद थे।