मसूरी में कोल्ड डे कंडीशन, दून में छूटी कंपकंपी
समूचा उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में है। ऐसे में मसूरी में बुधवार को कोल्ड डे कंडीशन रही तो दून में भी सर्द हवाओं से दिनभर परेशान किए रखा। मसूरी का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। अभी हाड़ कंपाने वाली ठंड दूनवासियों की और परीक्षा लेगी। जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे से भी दुश्वारियां बढ़ रही हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून : समूचा उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में है। ऐसे में मसूरी में बुधवार को कोल्ड डे कंडीशन रही तो दून में भी सर्द हवाओं से दिनभर परेशान किए रखा। मसूरी का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। अभी हाड़ कंपाने वाली ठंड दूनवासियों की और परीक्षा लेगी। जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे से भी दुश्वारियां बढ़ रही हैं।
बुधवार को दिनभर बादल छाये रहने और शीतलहर के चलते दून और मसूरी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मसूरी में तो कोल्ड डे कंडीशन रही और दिनभर बाजारों और चौराहों पर लोग आग सेकते नजर आए। जबकि, माल रोड समेत अन्य प्रमुख बाजारों से रौनक गायब रही। दून की बात करें तो यहां भी कोल्ड डे जैसे हालात रहे। पहाड़ियों से चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ाई। दिन के समय तो लोग अपने-अपने काम पर व्यस्त रहे, लेकिन शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। दून में ठंड अभी और परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा पैर पसार रहा है। दून में शाम ढलने के बाद ही अधिकांश जगह सड़कें कोहरे के आगोश में डूब गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों में अभी 20 दिसंबर तक घना कोहरा जन-जीवन प्रभावित करेगा। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, मसूरी का अधिकतम तापमान 9.2, जबकि न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को दून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और सर्द हवाएं चलेंगी। जबकि रात के समय मध्यम से घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। गुरुवार को दून का अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 व 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।