प्रदेश में डिजीलॉकर से जोडे़ जाएं सभी विभाग
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के सभी विभागों को डिजी लॉकर से जोड़ने का सुझाव दिया है ताकि एक ही एप में सभी सुविधाएं मिल सकें।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के सभी विभागों को डिजी लॉकर से जोड़ने का सुझाव दिया है ताकि एक ही एप में सभी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने इसके लिए सचिव समिति की बैठक में विचार करने को कहा है। उन्होंने सेवा के अधिकार के समय से समय से सेवा देने को लेकर सतत निगरानी के भी निर्देश दिए हैं। इसमें लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सभी ब्लॉक में एक-एक डिजीटल विलेज बनाने की कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सेवा के अधिकार के तहत अधिसूचित सेवाएं ऑनलाइन भी मिलनी चाहिए। ई-डिस्ट्रिक्ट की मौजूदा सेवाओं के साथ ही अन्य सेवाओं को शामिल किया जाए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले को पुरस्कृत किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन अभी सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक संचालित की जा रही है। रात दस बजे और सुबह आठ बजे के बीच जो भी कॉल आती है उसकी रिकार्डिग कर संबंधित अधिकारियों को भेजा जाए। सीएम हेल्पलाइन में कार्यरत अधिकारियों के प्रदर्शन का भी मूल्यांकन किया जाए। लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री के तकनीकी सलाहकार नरेंद्र सिंह, सचिव आरके सुधांशु, राधिका झा, अपर सचिव चंद्रेश यादव व निदेशक आइटीडीए अमित सिन्हा उपस्थित थे।