टेरिटोरियल आर्मी डे पर गढ़ी कैंट पहुंचे सीएम धामी, जावानों के साथ थिरकते और गाते आए नजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टेरिटोरियल डे पर जावानों के बीच पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान सीएम धामी जावानों के साथ गीतों पर भी झूमे। उन्होंने कहा कि जवान पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Territorial Army Day मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार देर शाम टेरिटोरियल आर्मी डे मनाने गढ़ी कैंट पहुंच गए। इस दौरान वे जवानों के साथ थिरकते हुए नजर आए। इतना ही सीएम धामी ने यहां बेडू पाको बारा मासा गीत भी गाया।
टेरिटोरियल आर्मी डे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहारदून के गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में पहुंचे। इस दौरान वे जवानों के साथ गुनगुनाते नजर आए। धामी ने यहां बेडू पाको बारा मासा गीत गाया।@JagranNews @pushkardhami @MygovU pic.twitter.com/NmaoIpybvc
— Amit Singh (@Join_AmitSingh) October 10, 2021
गढ़ी कैंट स्थित 127 इन्फेन्ट्री बटालियन टेरिटोरियल आर्मी कैंपस में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने सेना के अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि टेरिटोरियल आर्मी के जवान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सेना के पर्यावरण के प्रति सजगता को सराहते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता समय की जरूरत भी है। इस अवसर पर जीओसी सब एरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, टेरिटोरियल आर्मी के कमान्डिंग आफिसर कर्नल रोहित श्रीवास्तव, कर्नल जोयदास गुप्ता, ले.कर्नल नवीन पंवार सहित अन्य सैन्य अधिकारी और सेना के जवान उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री धामी ने यू ट्यूब पर गीत किया रिलीज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गायक हरीश जोशी द्वारा रचित गीत 'उत्तराखंड में धामी ज्यू छाई रै' को यू टयूब चैनल पर रिलीज किया। गीत में स्वर भी जोशी द्वारा दिया गया है। इस अवसर पर जय मल्यनाथ संस्कृति समिति के सदस्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री से केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रदेश में जल जीवन मिशन के हर घर नल और हर घर जल के लक्ष्य को जल्द पूरा किया जाएगा। प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में एक रुपये में और शहरी क्षेत्रों में गरीबों को 100 रुपये में पेयजल कनेक्शन दिया जा रहा है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा कि मंत्रालय द्वारा प्रदेश को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। जो भी प्रकरण प्रक्रिया में है, उनमें तेजी लाई जाएगी।