उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को धामी की श्रद्धांजलि, पैतृक गांवों में लगेंगी प्रतिमाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के जिन बलिदानियों की प्रतिमाएं स्थापित नहीं हुई हैं, ...और पढ़ें
-1790954958972_m.webp)
HighLights
बलिदानियों की प्रतिमाएं उनके पैतृक गांवों में स्थापित होंगी।
रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों की प्रतिमा स्थापना का शिलान्यास।
स्मारक परिसर का ई-पुस्तकालय और संग्रहालय के रूप में विस्तार।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के जिन बलिदानियों की प्रतिमाएं अब तक स्थापित नहीं हो पाई हैं, उनकी प्रतिमाएं उनके पैतृक गांव अथवा निवास क्षेत्र में उपयुक्त स्थान पर स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा स्थित बलिदानी स्थल पर श्रद्धांजलि सभा में यह घोषणा की।
उन्होंने रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों की प्रतिमाओं की स्थापना के कार्य का शिलान्यास भी किया। इसके लिए 27 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों की स्मृतियों को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया जाएगा।

रामपुर तिराहा स्थित राज्य अतिथि गृह का उच्चीकरण किया जाएगा। स्मारक परिसर के पुस्तकालय को ई-पुस्तकालय के रूप में विकसित करने के साथ ही संग्रहालय का विस्तार होगा। संग्रहालय में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, वेशभूषा और लोक संस्कृति से संबंधित सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी।
उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के पुन: चिह्नीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात भी कही। उन्हाेंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने स्मारक के लिए भूमि दान करने वाले स्वर्गीय पंडित महावीर शर्मा के योगदान को भी नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और अग्रणी राज्य बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पूर्व उन्होंने देहरादून के शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
