उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में कहा- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा
लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव को संबोधित करते ...और पढ़ें

उत्तराखंड सीएम धामी का लखनऊ दौरा। फोटो- जागरण
HighLights
UP-उत्तराखंड संबंध सहोदर भाइयों जैसे, बोले मुख्यमंत्री धामी।
प्रवासी उत्तराखंडियों से संस्कृति और विकास में योगदान की अपील।
राज्य में विकास परियोजनाओं, कड़े कानूनों पर मुख्यमंत्री का जोर।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का संबंध सहोदर भाइयों जैसा है। दोनों राज्यों के बीच भौगोलिक और प्रशासनिक संबंधों के साथ ही गहरा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों प्रदेशों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों से है। प्रवासी उत्तराखंडी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं।
सरकार बीते तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित कर उनके ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों के विकास में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध भी किया।
चारधाम यात्रा और कनेक्टिविटी से विकास को गति
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे जैसी परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दे रही हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
कड़े कानूनों से प्रदेश के हितों की रक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून लागू कर राज्य के हितों और युवाओं के भविष्य की रक्षा की जा रही है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।