विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी से भड़के CM धामी, बोले- देवभूमि के लाल का अपमान बर्दाश्त नहीं

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:25 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी

HighLights

  1. सीएम धामी ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर आपत्ति जताई।

  2. अजीत डोभाल को देवभूमि का लाल बताया, अपमान अस्वीकार्य।

  3. उत्तराखंड कांग्रेस से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणियों पर उत्तराखंड में तीखी प्रतिक्रिया हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि देवभूमि के लाल का अपमान राज्यवासी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

साथ ही इस मामले में उत्तराखंड कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश कांग्रेस के नेता अपने शीर्ष नेतृत्व से इस संबंध में सवाल करेंगे या फिर राहुल गांधी के बयानों का समर्थन करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एनएसए डोभाल ने देश की सुरक्षा और सामरिक हितों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक टिप्पणी करते समय नेताओं को अपनी भाषा और तथ्यों की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि डोभाल को बार-बार निशाना बनाने के मामले में उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं को अपना पक्ष सार्वजनिक करना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से सवाल किया कि क्या वे अपने शीर्ष नेतृत्व से राहुल गांधी की टिप्पणियों के संबंध में सवाल पूछेंगे। क्या वे उत्तराखंड के सपूत अजीत डोभाल के प्रति अपना सम्मान सार्वजनिक रूप से व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह प्रदेश के गौरव के साथ खड़ी है या राहुल गांधी के बयानों के समर्थन में।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा तथ्यात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण होनी चाहिए। सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखना सभी नेताओं का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने राष्ट्रसेवा, सैन्य पराक्रम और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अनेक सपूत देश को दिए हैं। प्रदेश को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपने सपूतों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।

यह भी पढ़ें- देहरादून में E-KYC न कराने पर एक लाख से अधिक गैस कनेक्शन ब्लॉक, समझें कब और कैसे होगी बहाली