विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम धामी का 'किसान अवतार', अपने खेत में खुद चलाया टिलर; जैविक और पारंपरिक खेती का दिया बड़ा संदेश

Published: Mon, 15 Jun 2026 03:47 PM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी खेत में स्वयं टिलर चलाकर और गोबर की खाद डालकर जैविक व पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने खेत में चलाया टिलर

मुख्यमंत्री धामी ने अपने खेत में चलाया टिलर

HighLights

  1. मुख्यमंत्री धामी ने अपने निजी खेत में स्वयं टिलर चलाया।

  2. गोबर की प्राकृतिक खाद से जैविक खेती को बढ़ावा दिया।

  3. खेती को भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा बताया।

डिजिटल डेस्क, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने निजी आवास नगला तराई स्थित खेत में स्वयं टिलर चलाकर खेत की जुताई की तथा खेत में गोबर की प्राकृतिक खाद डालकर जैविक एवं पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उनकी माता श्रीमती बिशना देवी भी उनके साथ उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने खेत में श्रम करते हुए किसानों के परिश्रम और कृषि परंपराओं के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेती केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा है। आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक और प्राकृतिक खेती को अपनाकर कृषि को अधिक समृद्ध एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर की खाद जैसी प्राकृतिक पद्धतियां भूमि की उर्वरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और जैविक उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान कृषि, ग्रामीण संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी हुई है। राज्य सरकार पारंपरिक खेती, बागवानी, प्राकृतिक कृषि और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को भी खेती और ग्रामीण विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।