'हिमालय की रक्षा करोड़ों लोगों के भविष्य से जुड़ी है'; विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन 2026 में बोले CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 में कहा कि हिमालय की रक्षा करोड़ों लोगों के भविष्य से जुड़ी है, और विकास व पर्यावरण में संतुलन आवश्यक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
HighLights
हिमालय की सुरक्षा करोड़ों लोगों के भविष्य से जुड़ी है।
विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना अत्यंत आवश्यक।
उत्तराखंड आपदा प्रबंधन का वैश्विक केंद्र बनेगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। हिमालय की रक्षा केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। उत्तराखंड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है।
वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के उद्घाटन समारोह में यह बातें कहीं।
उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कारपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, विज्ञानी, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
वैश्विक अनुभवों और सामूहिक प्रयासों का साझा मंच बना उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यहां विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने की समन्वित रणनीतियों पर मंथन होगा।
छह महाद्वीपों में एक साथ विमर्श, सहयोग को मिलेगी नई दिशा
धामी ने सम्मेलन के हाइब्रिड एवं विकेंद्रीकृत स्वरूप की सराहना की। उन्होंने कहा कि छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित सत्रों से विशेषज्ञों को जोड़ने के साथ यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी का प्रयास किया गया है।
मानवीय सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन से ही टिकाऊ विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी विकास परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रत्येक योजना में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सरकार ''विकल्प रहित संकल्प'' के साथ प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।